06 July, 2026 (Monday)

बारिश से तबाह मुंबई में मदद के लिए आया स्पाइडर मैन, बोरी उठाई, बच्चियों को सड़क पार कराई, वीडियो वायरल

वीडियो में स्पाइडर मैन को बोरी उठाते हुए और छोटी बच्चियों को पानी से भरी सड़क पार कराते देखा जा सकता है। वह पानी में फंसे एक ई-रिक्शा को धक्का भी लगाता है। वीडियो के अंत में दो लोग स्पाइडर मैन को उठाकर ले जाते हैं।

मुंबई में लगातार बारिश के चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति है। सड़कों पर पानी भरा हुआ है। पेड़ गिरने से कई लोगों की मौत हुई है और कुछ लोग घायल भी हुए हैं। इस बीच लोगों की मदद के लिए स्पाइडरमैन सड़क पर आ गया। स्पाइडर मैन ने पानी में फंसे ऑटो को धक्का दिया। बोरी उठाकर सही जगह तक पहुंचाया और बच्चियों को भी सड़क पार करने में मदद की। वीडियो के अंत में देखा जा सकता है कि दो लोग स्पाइडर मैन को ही उठाकर ले जा रहे हैं।
कई घंटों से हो रही बारिश की वजह से मुंबई से सटे भिवंडी इलाके में कई जगहों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस बीच एक शख्स स्पाइडर-मैन का कॉस्ट्यूम पहनकर जमीन पर उतर आया और पानी में फंसे हुए लोगों की मदद करने लगा। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश
मुंबई सहित , ठाणे, पालघर ,रायगड, रत्नागिरि जिलों में मूसलाधर बारिश की संभावना के चलते स्कूल कॉलेज को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। नागरिकों से सावधानी बरतने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील जिला प्रशासन की ओर से की गई है। बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर रनवे ऑपरेशन 1 घंटे के लिए रोक दिया गया। इस कारण इंडिगो की 4 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। रविवार को अलग-अलग एयरलाइंस के 13 एयरक्राफ्ट्स को मुंबई एयरपोर्ट से डायवर्ट किया गया।

बालकनी गिरने से एक व्यक्ति की मौत
नवी मुंबई के वाशी सेक्टर 11 में स्थित राम निवास इमारत की दूसरी मंजिल की बालकनी का एक हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में आने से एक पुरुष और दो महिलाएं घायल हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि घायल व्यक्ति राजेश शेट्टी (35) की बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल दोनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नदी में डूबा नाबालिग
रविवार शाम को भिवंडी शहर में उफनाई कामवारी नदी में 17 वर्षीय एक लड़का डूब गया। गायबी नगर का निवासी यह किशोर अपने दोस्तों के साथ केकड़े पकड़ने के लिए नदी किनारे गया था, तभी तेज धारा उसे बहा ले गई। उसकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि ठाणे शहर में आपातकालीन सेवाओं ने दो मंजिला इमारत में फंसे पांच लोगों को दोपहर में दीवा क्षेत्र से सुरक्षित बचाया, जब सीढ़ी का एक कंक्रीट स्लैब गिरने से मुख्य निकास मार्ग अवरुद्ध हो गया था। अधिकारियों ने बताया कि ठाणे पश्चिम के पाचपाखाड़ी स्थित यशोदा निवास सोसाइटी में एक पेड़ दो मकानों पर गिर गया, जिससे उनकी छतें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पेड़ गिरने के दौरान नगर निगम का एक कर्मचारी बाल-बाल बच गया। अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी पालघर जिले में लगातार बारिश के कारण वसई में एक दीवार ढह गई। एक आवासीय परिसर की निर्माणाधीन चारदीवारी दोपहर में ढह गई, जिससे परिसर में खड़ी 15 मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed