21 October, 2026 (Wednesday)

सोनिया गांधी ने तेलंगाना कांग्रेस के लिए बनाई राजनीतिक मामलों की समिति, मनिकम टैगोर होंगे समिति के अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की तेलंगाना इकाई के लिए राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया है। समिति का अध्यक्ष मनिकम टैगोर को नियुक्त किया गया है। वह राज्य कांग्रेस के प्रभारी भी हैं, जबकि मुहम्मद शब्बीर अली समिति के संयोजक होंगे।

अन्य सदस्यों में तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ए. रेवंत रेड्डी, वरिष्ठ नेता मल्लू बी. विक्रमार्क, वी. हनुमंत राव, पी. लक्ष्मैया, के. जना रेड्डी व एन. उत्तम कुमार रेड्डी शामिल हैं। टी. जीवन रेड्डी, रेणुका चौधरी, पी. बलराम नाइक, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, डी. श्रीधर बाबू, पोड्डेम वीरैया, अनसूया (सीथक्का) और कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी भी समिति के सदस्य होंगे।

इनके अलावा सभी राज्य इकाइयों के अध्यक्षों, कार्यकारी अध्यक्षों, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा अनुमोदित समितियों के सभी अध्यक्षों, तेलंगाना के सभी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) सचिवों और सभी एआइसीसी प्रभारी सचिवों को भी राजनीतिक मामलों की समिति में बतौर सदस्य शामिल किया गया है।

कांग्रेस ने हाल ही में रेवंत रेड्डी को तेलंगाना में नया कांग्रेस प्रमुख नियुक्त किया था, लेकिन इससे पार्टी में उथल-पुथल मच गई। वरिष्ठ नेता और भोंगिर के सांसद कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने पार्टी मुख्यालय गांधी भवन में प्रवेश नहीं करने की कसम खाई थी, जबकि कुछ अन्य नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। पद के लिए प्रबल दावेदार वेंकट रेड्डी ने आरोप लगाया कि नियुक्ति ‘नोट फोर वाट’ की तर्ज पर हुई है।

2015 में रेवंत रेड्डी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) में थे। उस समय उनको भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक मनोनीत विधायक के लिए 50 लाख रुपये नकद लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था, ताकि उन्हें विधान परिषद चुनाव में टीडीपी उम्मीदवार के लिए वोट दिया जा सके। वेंकट रेड्डी ने यह भी आरोप लगाया था कि कांग्रेस तेलंगाना प्रभारी मनिकम टैगोर ने मौद्रिक लाभ के लिए रेवंत रेड्डी का पक्ष लिया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed