18 July, 2026 (Saturday)

सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती, जंतर-मंतर पर नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारी, देखें हर LIVE अपडेट

दिल्ली के जंतर मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस अस्पताल लेकर गई है। बीते 20 दिनों से सोनम वांगचुक धरने पर बैठे थे। वहीं जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस अस्पताल ले गई है। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर आज सुबह दिल्ली पुलिस के जवान जंतर-मंतर पहुंचे, जहां से सोनम वांगचुक को एंबुलेंस में सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। जलदी ही अस्पताल की तरफ से सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी होगा। अभी अस्पताल में सोनम वांगचुक का मेडिकल टेस्ट किया जा रहा है। सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। उनका वजन भी 9 किलो से ज्यादा घट गया था।
वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है। पुलिस ने पूरे इलाके में कई लेयर की बैरिकेडिंग की है। वांगचुक 28 जून से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की हुई बैठक
नई दिल्ली डीसीपी ऑफिस में दिल्ली पुलिस अधिकारियों की चल रही बैठक खत्म हो गई है। स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाने और जंतर मंतर की मौजूदा स्थिति और लॉ एंड ऑर्डर की जानकारी ली। इस बैठक में स्पेशल लॉ एंड ऑर्डर देवेश चंद श्रीवास्तव, ज्वाइंट सीपी नई दिल्ली रेंज दीपक पुरोहित, नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा, नई दिल्ली जिले के एडिशनल डीसीपी आनंद मिश्रा, स्पेशल सेल के डीसीपी मनीषी चंद्रा, समेत कई आईपीएस अधिकारी मौजूद थे।
वांगचुक को अस्पताल शिफ्ट करने पर बोले प्रतापगढ़ी
कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाने की कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह वांगचुक को जिस तरीके से वहां से ले जाया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। प्रतापगढ़ी ने कहा, ‘आज सुबह उन्हें वहां से उठाया गया और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया, मानो वे कोई बड़े अपराधी हों। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया था। वहां कपड़े की आड़ लगा दी गई ताकि कोई यह न देख सके कि अंदर क्या हो रहा है। इसके बाद उन्हें जबरन वहां से ले जाया गया। यह पूरा घटनाक्रम बेहद पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है।’
अस्पताल में 2 डॉक्टर और 2 पैरामेडिक्स स्टाफ तैनात
सूत्रों के मुताबिक सोनम वांगचुक के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में 2 डॉक्टर और 2 पैरामेडिक्स स्टाफ को तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक आज सुबह RML अस्पताल के डॉक्टर और पैरामेडिक्स स्टाफ की टीम ने सोनम वांगचुक का हेल्थ चेकअप किया था। सूत्रों के मुताबिक हेल्थ चेकअप के दौरान सोनम वांगचुक को डॉक्टर ने एडवाइज किया कि आपकी तबीयत खराब है इसलिए आपको अस्पताल में भर्ती करना होगा। इसके बाद सोनम वांगचुक ने डॉक्टर से अस्पताल में भर्ती होने के लिए मना कर दिया। सोनम वांगचुक की बिगड़ती तबीयत और RML अस्पताल के डॉक्टर की एडवाइज को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से एंबुलेंस के जरिए सफदरजंग अस्पताल में एडमिट कराया।

प्रदर्शनकारियों को हटाया जा रहा
जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाए जाने के बाद, वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों को हटाया जा रहा है।
अस्पताल ने दी सोनम वांगचुक की हेल्थ अपडेट
सफदरजंग अस्पताल की तरफ से कहा गया, “सोनम वांगचुक को आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लंबे समय तक उपवास और निर्जलीकरण के कारण वे कमजोर हैं। हालांकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उनके शरीर के मापदंडों को बहाल करने के लिए उन्हें निरंतर निगरानी, ​​उपचार और देखरेख की आवश्यकता है।”
अस्पताल में मौजूद हैं सोनम वांगचुक की पत्नी
सोनम वांगचुक की पत्नी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैं दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हूं, जहां सोनम वांगचुक को भर्ती कराया गया है। मेरी, उनके परिवार और उनके डॉक्टरों की सहमति के बिना उन्हें मौखिक या अंतःशिरा द्वारा कुछ भी नहीं दिया जाना चाहिए। ये डॉक्टर पिछले 20 दिनों से उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed