06 June, 2026 (Saturday)

‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में हुई सोनल चौहान की एंट्री, अली फजल संग करेंगी जबरदस्त एक्शन

मुंबई (ईएमएस)। लोकप्रिय क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी मिर्जापुर का अभिनेत्री सोनल चौहान हिस्सा बन गई हैं। सोनल ने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर टीम को धन्यवाद देते हुए अपनी खुशी जाहिर की। मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए यह घोषणा की, जिसके बाद फैंस के बीच उत्साह का माहौल है। एक्ट्रेस सोनल ने भी एक गिफ्ट हैम्पर और प्रोडक्शन हाउस की ओर से मिले नोट की तस्वीर साझा की, जिसमें लिखा था, “प्रिय सोनल, हम आपको ‘मिर्जापुर’ की टीम में पाकर बेहद उत्साहित हैं। हम पर्दे पर आपके अभिनय का जादू देखने के लिए बेताब हैं।” सोनल चौहान ने पोस्ट में लिखा, “मैं ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में शामिल होकर बहुत खुश हूं। इस आइकॉनिक फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है। दर्शक जल्द ही पर्दे पर कुछ ऐसा देखने वाले हैं, जो उन्हें चौंका देगा।” उनके इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने बधाइयों की बौछार कर दी।
फिल्म की शूटिंग वाराणसी में शुरू हो चुकी है। इस बार कहानी गद्दी की लड़ाई को और ज्यादा तीखे अंदाज में दिखाएगी। अली फजल अपने गुड्डू भैया वाले किरदार में लौट रहे हैं, लेकिन इस बार उन्हें एक बॉडी बिल्डर के रूप में देखा जाएगा। इसके लिए उन्होंने कड़ी ट्रेनिंग ली है। वहीं, कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी, मुन्ना त्रिपाठी के रूप में दिव्येंदु शर्मा, गोलू गुप्ता के रूप में श्वेता त्रिपाठी और बीना त्रिपाठी के रूप में रसिका दुग्गल भी नजर आएंगी। फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन और मोहित मलिक जैसे नए चेहरों की भी एंट्री होगी, जिससे कहानी में ताजगी और नया ट्विस्ट आने की उम्मीद है।
यह फिल्म उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, लखनऊ, रायबरेली, आजमगढ़ और वाराणसी जैसे असली लोकेशनों पर शूट की जा रही है, ताकि सीरीज की रियलिस्टिक टोन बरकरार रहे। ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं, जबकि इसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के बैनर एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत प्रोड्यूस किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह फिल्म 2026 में रिलीज होगी और यह ‘मिर्जापुर’ यूनिवर्स को बड़े पर्दे पर एक नए स्तर पर ले जाएगी। सोनल चौहान के जुड़ने से फिल्म की स्टारकास्ट और भी दमदार हो गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed