13 October, 2026 (Tuesday)

शुभमन गिल ने रचा इतिहास, अभिषेक शर्मा को पछाड़कर जीता आईसीसी का बड़ा अवार्ड

आईसीसी ने सितंबर महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को चुना है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पहले दो मैचों में 300 से अधिक रन बना दिए थे।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इतिहास रच दिया है। अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने सितंबर महीने का आईसीसी का ​बड़ा अवार्ड अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने अपने ही साथी अभिषेक शर्मा और जिम्बाब्वे के स्टार खिलाड़ी सिकंदर रजा को पीछे छोड़ा है, जिन्हें आईसीसी ने इस अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया था। गिल अब तक पांच बार इसे जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। सितंबर के महीने में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के दौरान कमाल का खेल दिखाया था।

वेस्टइंडीज के ​खिलाफ पहले वनडे में शतक और दूसरे में दोहरा शतक गिल ने लगाया था
शुभमन गिल को सितंबर महीने के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। सितंबर से लेकर अक्टूबर तक भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज खेली गई थी। इसके पहले दो मैच सितंबर में थे और उन्हीं दो मैचों में उन्होंने गदर मचाया था। सीरीज के पहले दो मैचों में गिल ने 333 रन बना दिए थे। पहले मैच में गिल ने 110 रनों की जबरदस्त पारी खेली और इसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने नाबाद 223 रन ठोक दिए थे। हालांकि अक्टूबर में खेले गए तीसरे मैच में वे एक ही रन बनाकर आउट हो गए थे। पहले दोनों मैच 8 विकेट से जीतकर भारत ने सीरीज भी अपने नाम करने में सफलता हासिल की थी।

वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने गिल
टीम इंडिया के कप्तान गिल ने केवल 133 बॉल पर 223 रन बना दिए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 26 चौके और आठ छक्के आए थे। इस बीच शुभमन गिल ने केवल 62 बॉल पर अपना शतक पूरा किया था, जो कि किसी भी भारतीय कप्तान की ओर से लगाया गया सबसे तेज शतक भी था। इसके बाद उन्होंने 117 बॉल पर दोहरा शतक पूरा किया। जो दुनिया के किसी भी बल्लेबाज की ओर से लगाया गया सबसे तेज दोहरा शतक है। गिल ने अपने ही साथी ईशान किशन का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था।

गिल अब तक पांच बार जीत चुके हैं आईसीसी का ये अवार्ड
गिल अब तक पांच बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवार्ड जीत चुके हैं। पहली बार उन्हें जनवरी 2023 में ये अवार्ड मिला था। इसके बाद उसी साल सितंबर में फिर से उन्होंने ये अवार्ड अपने नाम किया। साल 2025 की फरवरी में गिल ने तीसरी और इसके बाद जुलाई 2025 में चौथी बार इस पुरस्कार को हासिल किया था। अब ये पांचवीं बार हो गया है। इससे पहले किसी भारतीय ने मार्च 2026 में इस अवार्ड को जीता था, तब संजू सैमसन विजेता बनकर सामने आए थे।

शेफाली वर्मा ने जीता महिलाओं का अवार्ड
इतना ही नहीं, महिलाओं का अवार्ड भी भारत ने जीता है। टीम इंडिया की स्टार खिलाड़ी शेफाली वर्मा को सितंबर 2026 महीने के लिए आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। यह दूसरी बार है जब शेफाली ने यह अवॉर्ड जीता है, 22 साल की शेफाली ने पहली बार पिछले साल नवंबर ये अवार्ड जीता था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *