रुपया 37 पैसे चढ़कर 91.56 प्रति डॉलर पर खुला
– रुपया शुक्रवार को 92.02 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था
मुंबई (ईएमएस)। भारतीय रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 37 पैसे की मजबूती के साथ 91.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 91.95 पर खुला और धीरे-धीरे मजबूत होकर इस स्तर तक पहुंचा। कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आई गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। हालांकि विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि आम बजट से रुपये को कोई ठोस राहत नहीं मिली, बल्कि केवल भविष्य को लेकर आश्वासन दिया गया है। सरकार की ऊंची उधारी योजना निवेशकों की भावनाओं पर नकारात्मक असर डाल सकती है। सरकार वित्त वर्ष 2026-27 में सकल घरेलू उत्पाद के 4.3 प्रतिशत के अनुमानित राजकोषीय घाटे को पूरा करने के लिए 17.2 लाख करोड़ रुपये उधार लेने की योजना बना रही है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 92.02 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिर गया था, हालांकि अंत में 91.93 पर बंद हुआ। इस बीच डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़कर 97.08 पर पहुंच गया।
