टिफिन में गीली हो जाती हैं रोटियां, तो इस तरह पैक करके रखें, घंटों रखने पर भी लंचबॉक्स में नरम बनी रहेंगी रोटी
रोटी और पराठे को अगर ठीक से टिफिन में पैक न करें तो गीली हो जाती हैं। कई बार किनारे गीले होकर चिपचिपे हो जाते हैं। ऐसी रोटी खाने में खराब लगती हैं। अगर आपको भी ऐसी परेशानी होती है तो जान लें रोटी पैक करने का आसान तरीका।
भारत में रोटी हमारा मुख्य भोजन है। खाने में रोटी, नाश्ते में पराठा और सफर में लोग पूरी खाना पसंद करते हैं। कई बार सफर के दौरान या बच्चों को स्कूट के टिफिन में या ऑफिस जाने वाले लोगों के लंच बॉक्स में रोटियां पैक की जाती हैं। अगर रोटी को सही तरीके से पैक न करें तो ये गीली हो जाती हैं। गर्म रोटी को पैक करने से टिफिन में भाप बनती है और बाद में वो भाप पानी बनकर रोटियों को गीला कर देती है। कई बार आपने टिफिन में देखा होगा कि रोटी किनारों से गीली हो गई है। रोटी गीली होने के बाद चिपचिपी हो जाती है। ऐसी रोटियों का खाना मुश्किल हो जाता है। अगर आपके साथ भी यही समस्या रहती है तो इससे बचने के लिए और टिफिन में रोटी पैक करने के इन आसान उपायों को अपना लें। इससे लंच बॉक्स में पैक की गई रोटी एकदम सॉफ्ट रहगी और जरा भी गीली नहीं होगी।
टिफिन में रोटी पैक करने का सही तरीका
टिशू पेपर में रोटी कैसे पैक करें- टिफिन में बहुत ज्यादा गर्म रोटी, पूरी और पराठे पैक करने से आपको बचना चाहिए। पहले रोटियों को थोड़ा ठंडा होने दें, जिसे उनकी भाप खत्म हो जाए। अब रोटी को पहले बीच से मोड़ दें। अब रोटी को थोड़ी रोल करते हुए छोटा कर लें। इससे रोटी लंबे समय तक मुलायम रहेगी और गीली भी नहीं होगी। अब एक टिशू पेपर लें और उसमें रोटियों को एकसाथ अच्छी तरह से पैक कर लें। ध्यान रखें रोटी जरा भी टिशू पेपर से बाहर न निकली हो।
कपड़े में रोटियां कैसे पैक करें- रोटी पैक करने के लिए कपड़ा काफी अच्छा और किफायती विकल्प है। कपड़े में पैक की गई रोटियां न तो गीली होती और न ही सूखती हैं। इससे घंटों रखने के बाद भी रोटियां नरम बनी रहती है। लंच बॉक्स में कपड़े में रोटियां पैक करके रख सकते हैं। बाजार में रोटियों के लिए खास मलमल के कपड़े भी मिलते हैं। घर में हॉटकेस में रोटियां रखने के लिए भी इनका इस्तेमाल करना चाहिए। इससे रोटियां सॉफ्ट रहती हैं।
फॉयल पेपर में रोटियां कैसे पैक करें- फॉयल पेपर का इस्तेमाल ज्यादा सुरक्षित नहीं माना जाता है। खासतौर से अगर आप गर्म रोटी या खाना पैक करते हैं तो इससे बचना चाहिए। अगर कोई दूसरा विकल्प नहीं है तो खाने को ठंडा करके फॉयल पेपर में रैप कर सकते हैं। रोटियों को भी ठंडा होने पर ही फॉयल पेपर में पैक करना चाहिए।
बटर पेपर में रोटियां कैसे पैक करें- फायल पेपर की जगह गर्म चीज को पैक करने के लिए आप बटर पेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये पेपर भाप से गलता भी नहीं है और रोटियां गीली भी नहीं होती हैं। आप इसमें खाना पैक कर सकते हैं। रोटियों को रोल करके बटर पेपर में रोल करके रख लें। इससे रोटिया सॉफ्ट बनी रहेंगी।
