14 July, 2026 (Tuesday)

कुएं से बचाया, बाहर आते ही लोगों के पीछे दौड़ा भालू! अंगुल में रेस्क्यू के बाद मची भगदड़, VIDEO वायरल

रेस्क्यू के दौरान लोग पूरी सावधानी बरत रहे थे ताकि भालू को किसी तरह की चोट न पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। लेकिन जैसे ही भालू कुएं से बाहर आया, वह अचानक आक्रामक हो गया। भालू अचानक वहां मौजूद लोगों की भीड़ की तरफ तेजी से दौड़ पड़ा जिससे भगदड़ मच गई।
ओडिशा के अंगुल जिले से वन्यजीव बचाव का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुएं में गिरे भालू को ग्रामीणों ने घंटों की मेहनत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन आजाद होते ही एक भालू का व्यवहार अचानक बदल गया और वह उसी भीड़ की ओर दौड़ पड़ा, जिसने उसकी जान बचाई थी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा।

यह घटना अंगुल जिले के आठमल्लिक ब्लॉक के जगन्नाथपुर गांव में हुई। भालू किसी तरह गांव के एक कुएं में गिर गया था। जब ग्रामीणों की नजर कुएं में फंसे भालू पर पड़ी, तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश शुरू की।

कुएं से बाहर आते ही आक्रामक हो गया भालू
ग्रामीणों ने काफी देर तक योजना बनाकर और लगातार प्रयास करते हुए भालू को कुएं से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। रेस्क्यू के दौरान लोग पूरी सावधानी बरत रहे थे ताकि भालू को किसी तरह की चोट न पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। लेकिन जैसे ही भालू कुएं से बाहर आया, वह अचानक आक्रामक हो गया। लोगों को उम्मीद थी कि भालू सीधे पास के जंगल की ओर चला जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भालू अचानक वहां मौजूद लोगों की भीड़ की तरफ तेजी से दौड़ पड़ा।

जान बचाने के लिए भागने लगे लोग
भालू को अपनी ओर आते देख मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हर कोई अपनी जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगा। कुछ ही क्षणों में वहां का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही भालू कुएं से बाहर निकलता है, वह अचानक लोगों की ओर दौड़ पड़ता है और भीड़ जान बचाने के लिए भागने लगती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *