22 July, 2026 (Wednesday)

आंख लाल होना, खुजली या जलन होना सामान्य नहीं है, कंजंक्टिवाइटिस के हो सकते हैं लक्षण, तुरंत डॉक्टर को दिखाएं

मानसून के मौसम में आंख लाल होना, खुजली होना, आंख से पानी आना और जलन की समस्या सामान्य बात नहीं है। ये कंजंक्टिवाइटिस के लक्षण हो सकते हैं। अगर आपको ऐसे लक्षण नजर आएं तो बिना देरी के डॉक्टर को दिखाएं।
मानसून में कंजंक्टिवाइटिस तेजी से फैलने वाली बीमारी है। ये एक से दूसरे में आसानी से फैलने वाला संक्रमण है। अगर परिवार में किसी एक को कंजंक्टिवाइटिस हो जाए तो करीबी संपर्क में रहने वाले परिवार के सदस्यों को भी खतरा रहता है। आमतौर पर इसे पिंक आई के नाम से जाना जाता है। ये वायरल कंजंक्टिवाइटिस गंदे हाथों, तौलियों, तकिए के कवर, मोबाइल फोन और बार-बार आंख को छूने से फैलता है। ये किसी की आंखों में देखने मात्र से नहीं होता है।

कंजंक्टिवाइटिस कैसे फैलता है?
शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ भुमेश त्यागी ने बताया कि वायरल कंजंक्टिवाइटिस, सबसे आम प्रकार है जो तेजी से फैलता है। अगर किसी को इंफेक्शन हो रखा है तो उसके हाथ से दूसरे हाथ छूने से, तौलिये, तकिए और दूसरी पर्सनल चीजों के सीधे संपर्क में आने से ये फैलता है। स्कूल जाने वाले बच्चे अक्सर तेजी से इसकी चपेट में आते हैं। नजदीकी संपर्क में आने पर ये माता-पिता या भाई-बहनों तक में फैल सकता है। पहले ये एक आंख में होता है और फिर दूसरी आंख में फैल जाता है।

कंजंक्टिवाइटिस के लक्षण
लाल या गुलाबी आंखें
खुजली या जलन
बहुत अधिक टूटन
आंख से गाढ़ा पानी आना
आंखों से स्राव होना
पलकों पर पपड़ी जमना
खासतौर से सुबह आंख चिपक जाना
प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता
आंखों में किरकिरापन
कितने दिन रहता है कंजंक्टिवाइटिस संक्रमण
आमतौर पर 7-14 दिनों तक या जब तक आंखें लाल, पानीदार और पानी बहना बंद न हो जाएं, तब तक संक्रमण बना रहता है। संक्रमण फैलने की संभावना पहले 3 से 5 दिनों में सबसे ज्यादा होता है। जब परिवार के किसी एक सदस्य को कंजंक्टिवाइटिस हो जाता है, तो साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। क्योंकि इससे पूरे परिवार में एक से दूसरे में ये फैल सकता है।

कंजंक्टिवाइटिस को फैलने से कैसे रोकें
अपने हाथों को साबुन और पानी से बार-बार धोएं।
आंखों को छूने या रगड़ने से बचें।
तौलिए, तकिए, रुमाल, आंखों का मेकअप या कॉन्टैक्ट लेंस शेयर न करें।
जिन जगहों को बार-बार छूते हैं उन्हें नियमित रूप से साफ करें।
स्कूल या काम पर जाने से पहले डॉक्टर की सलाह लें
डॉक्टर को कब दिखाएं
अगर कंजंक्टिवाइटिस के साथ शरीर में कुछ और भी लक्षण दिखाई दें तो डॉक्टर से सलाह लें।

आंखों में तेज दर्द
धुंधला दिखाई देना
रोशनी के प्रति संवेदनशीलता
आंखों के आसपास सूजन
गाढ़ा पीला या हरा स्राव
अगर इंफेक्शन होने के कुछ दिनों में सुधार न आए तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। ऐसा किसी दूसरी बीमारी के लक्षण भी हो सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *