राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला: जांच के घेरे में आए टिन्नू यादव ने की इंडिया टीवी से बात, कहा- ‘भगवान सब देख रहे हैं’
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले की SIT की जांच जारी है। सोमवार को टीम ने करीब 8 घंटे तक ट्रस्ट पदाधिकारियों, बैंक कर्मियों और सेवादारों से पूछताछ की। इस मामले में टिन्नू यादव नाम के शख्स जांच के घेरे में हैं। अब टिन्नू यादव ने इंडिया टीवी से बात की है।
राम मंदिर में चंदा चोरी मामले की SIT जांच तेज हो चुकी है। योगी सरकार ने इस मामले में 15 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। आज दूसरे दिन भी राम मंदिर में SIT के अधिकारी जांच करने पहुंचें। इस मामले में कल 42 से ज़्यादा कर्मचारियों से पूछताछ हो चुकी है। राम मंदिर ट्रस्ट के भी लोगों से पूछताछ हो रही है। बताया जा रहा है कि ये सारी हेराफ़ेरी चंदे की गिनती के दौरान होती थी। मंदिर के कई सेवादारों पर शक जताया जा रहा है। इस मामले में टिन्नू यादव नाम के शख़्स की भूमिका सबसे संदिग्ध है जो कभी ऑटो चलाता था। वह फिर मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का ड्राइवर बना। राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में गड़बड़ी के मामले में चर्चा में आए राम शंकर उर्फ टिन्नू यादव ने अब इंडिया टीवी से फोन पर बातचीत की है और अपनी बात रखी है।
चढ़ावे की गिनती से मेरा कोई लेना देना नहीं- टिन्नू यादव
टिन्नू यादव ने कहा- “मेरे ऊपर मंदिर में सेवा की जिम्मेदारी थी, साफ सफाई परिसर की अन्य जिम्मेदारी थी मेरे ऊपर, चढ़ावे की गिनती से मेरा कोई लेना देना नहीं है। मंदिर में साफ सफाई,पानी की व्यवस्था, पंखे लगवाना जैसी व्यवस्था को देखना मेरी जिम्मेदारी थी। 2008 में मैंने जमीन खरीदी, हॉस्टल बनाया, मेरे टेंपो चलते थे, मै संगठन में ड्राइवर का काम करता था। नोट गिनने वाले लोग कौन हैं, कैसे गिने जाते थे, मैं नहीं बता सकता क्योंकि मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं। चंपत जी का स्वास्थ्य ठीक है फिलहाल। SIT जांच कर रही है। दूध का दूध पानी का पानी होगा। भगवान देख रहे हैं सब, जो दोषी हो उसपर कार्रवाई भी होनी चाहिए।”
