राजस्थान: कोटा की सड़क पर मॉर्निंग वॉक करने निकल पड़ा मगरमच्छ! लोगों का छूटा पसीना, देखें VIDEO
राजस्थान के कोटा शहर में एक मगरमच्छ सड़क पर घूमता हुआ दिखा। उसे देखकर लोगों की हालत खराब हो गई और आनन-फानन में वन विभाग की टीम को बुलाना पड़ा।
कोटा: राजस्थान के कोटा शहर में एक ऐसा मामला सामने आया, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। सुबह के वक्त यहां एक मगरमच्छ सड़क पर जाते हुए दिखाई दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
कोटा एक ऐसा शहर है जो कोचिंग संस्थानों की वजह से देशभर में प्रसिद्ध है। लेकिन इस बार कोटा की चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि यहां एक मगरमच्छ सुबह के वक्त सड़क पर चलते हुए दिखा। जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे रेस्क्यू किया।
कोटा शहर के काला तालाब क्षेत्र में एक बार फिर ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब एक मगरमच्छ सुबह के समय सड़क पर चलता हुआ दिखाई दिया। लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे और मगरमच्छ उनके आगे दौड़ रहा था। लोगों ने देखा तो उसका वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ सड़क पर घूमता रहा। राहगीरों की सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्क्यू कर उसे चंबल नदी में छोड़ा गया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम के सदस्य वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मगरमच्छ सड़क पर चल रहा था। मगरमच्छ जिस जगह था, उसके पास में नाला और तालाब है। ऐसे में संभावना है कि वह तालाब से निकलकर सड़क तक पहुंच गया हो।
नाले के दोनों ओर दीवार होने के कारण वह वापस अंदर नहीं जा पा रहा था। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्क्यू किया गया। मगरमच्छ पूरी तरह से स्वस्थ था और उसे बिना किसी नुकसान के चंबल नदी में छोड़ दिया गया।
वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि यहां पहले भी कई बार मगरमच्छ आ चुके हैं, पास के तालाब से नाले से वह बाहर आ जाते हैं। कई बार मगरमच्छ के बच्चे भी तालाब के बाहर आ जाते हैं। बडे मगरमच्छों से स्थानीय लोगों को हमेशा भय बना रहता है। कोटा के अधिकांश इलाकों में मगरमच्छ देखे जा सकते हैं। जैसे-जैसे बरसात नजदीक आ रही है, नदी नालों के पास रहने वालों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। कई बार कोटा में मगरमच्छ के कारण हादसे भी हो चुके हैं और जान भी जा चुकी है।
