09 July, 2026 (Thursday)

तलाक की अफवाहों पर प्रिंस नरूला और युविका चौधरी ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘हम बस अलग घरों में रह रहे थे’

प्रिंस नरूला और युविका चौधरी के बीच अलगाव की काफी चर्चा रही, जिस पर अब कपल ने चुप्पी तोड़ी है। इस पर खुलकर बात करते हुए दोनों ने बताया कि वो अलग-अलग घरों में रह रहे थे।
मशहूर सेलिब्रिटी कपल प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की शादीशुदा जिंदगी को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और मीडिया गलियारों में तलाक की अफवाहें उड़ रही थीं। अब इस स्टार कपल ने पहली बार इन चर्चाओं पर खुलकर बात की है और अपनी खामोशी तोड़ी है। नेहा धूपिया और अंगद बेदी के टॉक शो ‘डबल डेट’ में पहुंचे प्रिंस और युविका ने बताया कि कैसे एक छोटी सी गलतफहमी ने इतना बड़ा रूप ले लिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रेग्नेंसी, डिलीवरी के बाद के मानसिक तनाव और अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में भी दिल छू लेने वाली बातें साझा कीं।

व्लॉग के एक बयान से पैदा हुई थी गलतफहमी
तलाक की खबरों की असल सच्चाई बताते हुए प्रिंस नरूला ने खुलासा किया कि उनके एक व्लॉग की बात को लोगों ने पूरी तरह से गलत संदर्भ में ले लिया था। प्रिंस ने कहा कि वह समय उनके लिए बेहद दबाव वाला था। उस दौरान वह अपने नए घर का काम करवा रहे थे और साथ ही प्रोफेशनल लाइफ को भी संभाल रहे थे। प्रिंस चाहते थे कि उनका बच्चा नए घर में कदम रखे। घर के रिनोवेशन की वजह से वहां काफी धूल-मिट्टी थी, जिससे युविका को एलर्जी न हो, इसलिए प्रिंस ने उन्हें कुछ समय के लिए मायके शिफ्ट होने की सलाह दी। इसी दौरान एक व्लॉग में प्रिंस ने कह दिया कि ‘हम अब साथ नहीं रहते’, जिसका सीधा सा मतलब था कि दूरी की वजह से वे अलग-अलग घरों में रह रहे हैं, लेकिन लोगों ने मान लिया कि उनका रिश्ता खत्म हो गया है। कपल ने कहा कि शुरुआत में वे इन अफवाहों से परेशान हुए, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें बाहरी दुनिया को कोई सफाई देने की जरूरत नहीं है।

युविका ने बयां किया पोस्टपार्टम का दर्द और मानसिक जंग
मां बनने के बाद के अपने अनुभवों पर बात करते हुए युविका चौधरी ने डिलीवरी के बाद होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों पर बेबाकी से बात की। उन्होंने बताया कि यह सफर मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से बेहद कठिन था। वजन बढ़ने के कारण उनका आत्मविश्वास काफी कम हो गया था और वह खुद के भीतर एक अजीब सी लड़ाई लड़ रही थीं। युविका के अनुसार उस वक्त बाहर की दुनिया की फिक्र छोड़ इंसान खुद के इमोशंस से जूझ रहा होता है। कई बार आप उम्मीद करते हैं कि कोई आकर आपको समझे और ढाढस बंधाए, लेकिन असल में यह आपकी अपनी खुद की एक बेहद निजी यात्रा होती है।

आंसुओं में छलका सबसे मुश्किल दौर का दर्द
शो के दौरान जब अंगद बेदी ने युविका से पूछा कि उन्होंने इस सब से कैसे पार पाया तो युविका अपने आंसू रोक नहीं पाईं और रो पड़ीं। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे कठिन दौर बताया। युविका ने भावुक होते हुए साझा किया कि एक तरफ वह खुद पोस्टपार्टम डिप्रेशन से जूझ रही थीं, तो दूसरी तरफ उन्हें प्रिंस के एंग्जायटी के दौर को भी संभालना पड़ रहा था। इस बेहद नाजुक समय में सिर्फ एक ही सोच ने उन्हें टूटने नहीं दिया कि उनके इस मुश्किल दौर का असर उनके मासूम बच्चे पर नहीं पड़ना चाहिए। युविका की यह बात सुनकर शो के होस्ट नेहा और अंगद भी भावुक हो गए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *