Prez Polls: ट्रंप ने कहा- निष्पक्ष नहीं हुए चुनाव, सबसे कम सुरक्षित थे इस बार के अमेरिकी चुनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गत तीन नवंबर को हुए चुनाव में धांधली के बेबुनियाद आरोपों को दोहराते हुए कहा कि चुनाव निष्पक्ष नहीं थे। उन्होंने यह अंदेशा जताया कि इस बार के चुनाव सबसे कम सुरक्षित थे।
ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में अभी तक बाइडन के हाथों अपनी हार नहीं मानी
ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में अभी तक जो बाइडन के हाथों अपनी हार नहीं मानी है। मतदान में धांधली के आरोप लगा उनकी टीम कई प्रांतों में मुकदमे दायर कर चुकी है, लेकिन इस मोर्चे पर भी निराशा ही हाथ लग रही है।
ट्रंप ने कहा- अमेरिका में इस बार के राष्ट्रपति चुनाव सर्वाधिक असुरक्षित थे
ट्रंप ने रविवार को एक ट्वीट में कहा, ‘हमारे 2020 के चुनाव में ऐसे डाक मतपत्रों की बाढ़ थी, जिनका कोई हिसाब नहीं पाया गया। संभवत: अमेरिका में अब तक हुए चुनावों में इस बार के चुनाव सर्वाधिक असुरक्षित थे।’
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा- मैं स्वीकार नहीं कर सकता कि चुनाव में मेरी हार हुई
इससे पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि सुप्रीम कोर्ट उनका पक्ष सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह स्वीकार नहीं कर सकते कि चुनाव में उनकी हार हुई है।
अमेरिका के विस्कांसिन प्रांत में मतों की दोबारा गिनती में भी जीते बाइडन
अमेरिका के विस्कांसिन प्रांत में मतपत्रकों की दोबारा गिनती रविवार को पूरी हो गई। इसमें भी डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बाइडन की जीत की पुष्टि हुई है।
ट्रंप नतीजे को कोर्ट में देंगे चुनौती
ट्रंप टीम की प्रवक्ता जेना एलिस ने एक बयान में कहा कि विस्कांसिन में मतपत्रों के बारे में यह उजागर हुआ कि वे वैध थे या नहीं। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि वह मतों की दोबारा गिनती होने पर नतीजे को कोर्ट में चुनौती देंगे।
