PM मोदी व UAE के क्राउन प्रिंस के बीच आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति पर बनी सहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने अबू धाबी (Abu Dhabi) के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (HH Sheikh Mohd bin Zayed Al Nahyan) से शुक्रवार को फोन पर बात की। इस वार्ता के दौरान दोनों ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच व्यापक रणनीतिक संबंधों के तहत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में निरंतर प्रगति का आकलन किया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आतंकवाद, उग्रवाद के खिलाफ साझा रणनीति पर सहमति जताई।
भारत और संंयुक्त अरब अमीरात के क्षेत्रीय विकास पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और क्राउन प्रिंस नाहयान ने क्षेत्रीय विकास पर भी चर्चा की और इस बात पर सहमति जताई कि दुनिया में आतंकवाद और चरमपंथ के लिए कोई जगह नहीं है। ऐसी ताकतों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समुदाय एक साथ खड़ा है। उनकी चर्चा अफगानिस्तान के घटनाक्रम के बीच हुई, जिसमें तालिबान ने देश पर कब्जा कर लिया और अमेरिका ने अपने सैनिकों को वहां से वापस कर लिया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के एक बयान में कहा गया है कि फोन पर बातचीत के दौरान, दोनों नेताओं ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में निरंतर प्रगति का सकारात्मक आकलन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी (Covid-19 Pandemic) के दौरान भारतीय समुदाय के लिए संयुक्त अरब अमीरात (United Arab Emirates) के समर्थन की सराहना की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी 1 अक्टूबर, 2021 से दुबई (Dubai) में आयोजित होने वाले एक्सपो-2020 के लिए UAE को शुभकामनाएं भी दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर क्राउन प्रिंस के साथ फोन पर हुई इस बातचीत को बहुत उपयोगी बताया।
