प्लेआफ की दौड़ में बने रहना चाहेगी पंजाब, केकेआर के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला
कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शुक्रवार को केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम पंजाब किंग्स जब यहां आइपीएल मैच में मैदान में उतरेगी तो उसके लिए प्लेआफ की दौड़ में बने रहने के मकसद से यह करो या मरो का मुकाबला होगा। साथ ही सभी की नजरें वेंकटेश अय्यर की शानदार बल्लेबाजी और रवि बिश्नोई की बेहतरीन गेंदबाजी के बीच मुकाबले पर भी रहेंगी। कोलकाता के आलराउंडर वेंकटेश ने अनुशासित तेज गेंदबाजी के सामने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। वहीं पंजाब के बिश्नोई की कलाई की स्पिन ने पिछले दो सत्र में नामी गिरामी बल्लेबाजों को भी परेशान किया है।
राहुल ने मुंबई इंडियंस के हाथों मिली हार के बाद स्वीकार किया कि दबाव में उनकी टीम अच्छा नहीं खेल पा रही और उन्हें प्रदर्शन में सुधार करना होगा। मध्यक्रम की खराब फार्म का भी असर टीम के प्रदर्शन पर पड़ा है। राहुल (422 रन) और मयंक अग्रवाल (332 रन) को छोड़कर कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका है। क्रिस गेल ने 10 मैचों में सिर्फ 193 रन बनाए हैं। वहीं निकोलस पूरन 10 मैचों में 70 रन ही बना सके हैं। भारतीय खिलाडि़यों में एम शाह रुख खान और दीपक हुड्डा मौकों का फायदा नहीं उठा सके हैं। बल्लेबाजों की नाकामी के बीच पंजाब के लिए सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे धुरंधर स्पिनरों का धीमी पिच पर सामना करना और कठिन होगा। इन दोनों के आठ ओवर मैच की दशा और दिशा तय कर सकते हैं। वहीं पंजाब के गेंदबाजों में बिश्नोई (9 विकेट) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर सका। मुहम्मद शमी ने 14 और अर्शदीप सिंह ने 13 विकेट जरूर लिए, लेकिन दोनों महंगे साबित हुए हैं।
दूसरी ओर, केकेआर के लिए वेंकटेश 144 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 126 रन बना चुके हैं। अगर वह शमी और अर्शदीप का पहला स्पैल खेल जाते हैं तो यह देखना रोचक होगा कि वह बिश्नोई और हरप्रीत बरार का सामना कैसे करते हैं। केकेआर ने नीतीश राणा को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजकर भी सही फैसला लिया है, चूंकि वह स्पिन को कप्तान इयोन मोर्गन से बेहतर खेलते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत में उन्हें इस फैसले का फायदा भी मिला।
टीम :
कोलकाता नाइटराइडर्स : इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, गुरकीरत सिंह मान, करुण नायर, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, शुभमन गिल, हरभजन सिंह, कमलेश नागरकोटी, कुलदीप यादव, लाकी फग्र्यूसन, पवन नेगी, एम प्रसिद्ध कृष्णा, संदीप वारियर, शिवम दुबे, टिम साउथी, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, आंद्रे रसेल, बेन कटिंग, शाकिब अल हसन, सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, शेल्डन जैक्सन और टिम सीफर्ट।
पंजाब किंग्स : केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, अर्शदीप सिंह, इशान पोरेल, शाह रुख खान, मुहम्मद शमी, नाथन एलिस, आदिल राशिद, मुरुगन अश्विन, हरप्रीत बरार, मोइसेस हेनरिक्स, क्रिस जार्डन, एडेन मार्करैम, मनदीप सिंह, दर्शन नलकंडे, प्रभसिमरन सिंह, रवि बिश्नोई, उत्कर्ष सिंह, फैबियान एलन, सौरभ कुमार, जलज सक्सेना।
