06 June, 2026 (Saturday)

पवन सिंह ने CM सम्राट चौधरी और संजय सरावगी से की मुलाकात; सामने आई तस्वीरें

बिहार में एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भोजपुरी एक्टर पवन सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की। उनके साथ संजय मयूख भी मौजूद रहे।
पटना: भाजपा की ओर से आगामी बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए शुक्रवार को चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई। इसमें भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भी भाजपा ने विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया। विधान परिषद चुनाव के लिए टिकट मिलने के बाद एक्टर पवन सिंह ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात की। पवन सिंह और संजय मयूख के अलावा भाजपा ने अनिल ठाकुर और शीला पंडित को भी प्रत्याशी घोषित किया है।
सम्राट चौधरी से मिले पवन सिंह और संजय मयूख
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर पवन सिंह और संजय मयूख से मुलाकात की तस्वीरें शेयर की। सम्राट चौधरी ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए भाजपा (एनडीए) की ओर से घोषित प्रत्याशी संजय मयूख एवं पवन सिंह ने लोकसेवक आवास में मुलाकात की। इस अवसर पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विजय की कामना की।” सीएम सम्राट चौधरी की इस पोस्ट पर एक्टर पवन सिंह ने रिप्लाई करते हुए लिखा, “आपको दिल से धन्यवाद एवं सादर प्रणाम।”
संजय सरावगी से भी पवन सिंह ने की मुलाकात
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी एक्स पर एक पोस्ट में पवन सिंह से मुलाकात की तस्वीरें शेयर की। संजय सरावगी ने तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स पर कैप्शन में लिखा, “आज पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार पवन सिंह से शिष्टाचार भेंट हुई। इस अवसर पर उन्हें आगामी चुनाव में शानदार सफलता हेतु अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उनके उज्ज्वल एवं यशस्वी भविष्य के लिए मेरी मंगलकामनाएं।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *