31 July, 2026 (Friday)

दिल्ली में 24 घंटे में 3 मर्डर से दहशत, किसी को चाकू से गोदा तो कहीं सिर में मार दी गोली

दिल्ली में अपराधी बेखौफ हैं और उन्होंने अलग-अलग जगहों पर 24 घंटे में हत्या की तीन वारदातों को अंजाम दे दिया है। केशवपुरम, अशोक विहार और न्यू कर्दमपुरी इलाके में मर्डर की ये घटनाएं हुई हैं।
दिल्ली में क्राइम आउट ऑफ कंट्रोल हो गया है। ताजा खबर दिल्ली के अशोक विहार से आई है, जहां युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। 24 घंटे में दिल्ली में ये तीसरी वारदात है, इससे पहले केशवपुरम में लड़की की गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था। तो वहीं उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 17 साल के नाबालिग लड़के को चाकू घोंपकर मार डाला गया। इन हत्याओं के बाद से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में दहशत है।

कहासुनी के बाद सुनील को उतारा मौत के घाट
बताया जा रहा है अशोक विहार के एक पार्क में सुनील अपने दोस्त के साथ बैठा हुआ था। तभी वहां मौजूद 3-4 लड़कों से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद लड़कों ने सुनील पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद सुनील को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

केशवपुरम में युवती के सिर में मार दी गोली
इस घटना से पहले केशवपुरम में 20 साल की लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद हत्यारा फरार हो गया। पुलिस टीमें जब शांति नगर स्थित बिल्डिंग में पहुंचीं, तो उन्होंने तीसरी मंजिल के एक कमरे में महिला का शव खून से लथपथ हालत में बरामद किया। मृतका की पहचान कैलाश की पुत्री ज्योति के रूप में हुई, वह दिल्ली के आजादपुर की रहने वाली थी। ज्योति इस बिल्डिंग में दिन के समय देखभाल का काम करती थी।
बिल्डिंग के चौकीदार से विवाद का है शक
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में मालूम हुआ है कि बिल्डिंग के रात के समय के चौकीदार सौरभ का किसी निजी मुद्दे पर ज्योति से झगड़ा हुआ था। इसके बाद, आरोपी ने कथित रूप से ज्योति के सिर में गोली मारकर उसको मार डाला।

घर से बाहर बुलाकर नाबालिग को चाकू घोंपकर मारा
वहीं, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भी एक नाबालिग का मर्डर हुआ है। उसकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। यह घटना न्यू कर्दमपुरी इलाके की है। जान से मारे गए नाबालिग की उम्र 17 साल थी। कई युवकों ने कथित रूप से चाकू घोंपकर उसको मार डाला। पीड़ित के परिवार के अनुसार, बीते मंगलवार की शाम को आरोपियों ने नाबालिग को घर से बाहर बुलाया और जब वह घटनास्थल पर पहुंचा तो कथित रूप से चाकू से गोदकर उसका मर्डर कर दिया। इससे पहले दिल्ली के मैदानगढ़ी में मां ने खाने के पैसे मांगे तो बेटे ने उसकी हत्या कर दी थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *