07 June, 2026 (Sunday)

पाकिस्तान दौरे को लेकर आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को एसीए प्रमुख ने दिया आश्वासन, साथ होंगे मौजूद

आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन (ACA) के प्रमुख टाड ग्रीनबर्ग ने देश के क्रिकेटरों को आश्वासन दिया है कि अगर दौरे को मंजूरी मिलती है, तो वह उनके साथ पाकिस्तान की यात्रा करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी दौरे पर जाने से मना करता है, तो वे इसका सम्मान करेंगे। अगर टीम को दौरे पर जाने के लिए सुरक्षा मंजूरी मिल जाती है, तो 1998 के बाद से यह आस्ट्रेलिया का पहला पाकिस्तान दौरा होगा। तब मार्क टेलर की अगुवाई में टीम ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 1-0 से जीती थी।

ग्रीनबर्ग ने सिडनी मार्निंग हेराल्ड कहा, ‘मैंने खिलाड़ियों को आश्वासन दिया है कि वे अकेले नहीं जाएंगे। अगर वे पाकिस्तान जा रहे हैं, तो मैं उनके साथ जाऊंगा और मुझे लगता है कि यह महत्वपूर्ण है। यह खिलाड़ियों को दिखाने का अवसर है कि हम इसमें एक साथ हैं। एसीए पिछले साल के अंत में पाकिस्तान के प्री-टूर पर क्रिकेट आस्ट्रेलिया के साथ था और सभी रिपोर्ट बहुत सकारात्मक थीं। लेकिन हम डीएफएटी और अन्य सरकारी संगठनों की सलाह लेना जारी रखेंगे, क्योंकि हमें न केवल खिलाड़ियों, बल्कि उनके परिवारों को संतुष्ट करने की आवश्यकता है कि यह दौरा करना सुरक्षित है।’

2009 में लाहौर में श्रीलंका टीम की बस पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से अंतरराष्ट्रीय टीमें पाकिस्तान की यात्रा करने के लिए अनिच्छुक रही हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में भाग लिया है और वेस्टइंडीज ने टी20 सीरीज के लिए भी दिसंबर 2021 में पाकिस्तान की यात्रा की। ग्रीनबर्ग का मानना है कि सुरक्षा आश्वासनों के बावजूद कुछ क्रिकेटर पाकिस्तान की यात्रा करने से मना कर सकते हैं, लेकिन वह किसी को मजबूर नहीं करेंगे।

सिडनी मार्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार सीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निक हाकले भी पाकिस्तान की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, जबकि अंतरिम अध्यक्ष रिचर्ड फ्रायडेनस्टीन अपने समकक्ष रमिज राजा से मिलने के लिए कुछ  यात्रा कर सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *