09 June, 2026 (Tuesday)

पाकिस्तान ने PoK में मचाया कत्लेआम, बड़ी संख्या में लोगों की हत्या, भारत बोला- ‘अंतर्राष्ट्रीय समुदाय पाक को जवाबदेह..

PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बगावत की आग तेज हो गई है। पाकिस्तानी सेना ने PoK में प्रदर्शनकारियों पर गोलियां बरसा दी हैं जिसमें 35 लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से ज्यादा लोग घायल हैं।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में पाकिस्तानी सेना ने कत्लेआम मचा दिया है। सेना ने प्रदर्शनकारियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई हैं जिसमें 35 लोग मारे गए हैं 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद से पीओके में तनाव बढ़ गया है। पीओके में प्रदर्शन की अगुवाई करने वाली जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा बलों ने रावलकोट में एक अंतिम संस्कार में जमा हुए लोगों पर फायरिंग की। इस फायरिंग में बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं। अब पाकिस्तानी सेना की इस हिंसा पर भारत सरकार का बयान भी सामने आ गया है।
कब और कहां हुई गोलीबारी?
दरअसल, जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी यानी JAAC को बैन किए जाने के खिलाफ PoK में पिछले कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है। इसी दौरान रावलकोट में शाहजैब हबीब नाम के एक प्रदर्शनकारी की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम संस्कार में भाग लेने पहुंचे थे। कुछ मीडिया खबरों के मुताबिक, लोग अस्पताल के बाहर शोक मनाने के लिए जमा थे। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने शोक मना रहे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसमें 35 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 200 लोग घायल हैं। JAAC के सीनियर नेताओं का कहना है कि पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों को अवामी एक्शन कमेटी के सदस्यों पर सीधे गोली चलाने के आदेश दिए गए हैं।

भारत सरकार ने क्या कहा?
पीओके में जारी पाकिस्तानी बर्बरता पर भारत का बयान भी सामने आया है। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- “इस संदर्भ में, हम पाकिस्तान की ओर से फर्जी खबरों और वीडियो का एक सिलसिला लगातार देख रहे हैं। यह अपनी विफलताओं को छिपाने और अपने मानवाधिकारों के उल्लंघन से ध्यान भटकाने का पाकिस्तान का एक हताशा-पूर्ण प्रयास है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भीषण पुलिस बर्बरता की खबरें हैं, जिसमें कई प्रदर्शनकारी मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके दुष्कर्मों और अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराएगा।”

क्यों हो रही है JAAC पर कार्रवाई?
JAAC के लोग आम अवाम से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं, महंगाई, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रदर्शन करते रहे हैं> JAAC ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तथाकथित विधानसभा में शरणार्थियों के लिए 12 सीट रिजर्व किए जाने का विरोध किया था। JAAC की मांग है कि इन रिजर्व सीटों को खत्म किया जाए क्योंकि ये सीट कश्मीर से आए लोगों के लिए रिजर्व की गई हैं। लेकिन इसपर पाकिस्तान के मुख्य राजनीतिक दलों ने कब्जा कर रखा है। इन्हीं मांगों के बाद पाकिस्तान ने JAAC पर कार्रवाई की है।

ब्रिटेन के 30 सांसदों ने खोला मोर्चा
पाकिस्तान लाख कोशिशों के बावजूद PoK के लोगों की आवाज को दबा नहीं पा रहा है। केवल रावलकोट, मुजफ्फराबाद में ही प्रदर्शन नहीं हो रहे हैं। लोगों पर हो रहे दमन चक्र की गूंज सात समंदर पार भी गूंज रही है। इंग्लैंड के ब्रेडफोर्ड में पाकिस्तान कंसुलेट के बाहर PoK के लोग बैनर पोस्टर को लेकर जुट गए और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यही नहीं ब्रिटेन के 30 सांसदों ने PoK के लोगों पर हो रहे ज्यादतियों और जुल्मों के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है। इन सांसदों ने चिट्ठी लिखकर ब्रिटिश सरकार से पूरे मामले में दखल देने को कहा है। लोगों पर फायरिंग को बर्बर बताया और इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन करार दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *