एक करोड़ बीस लाख कीमत की चरस बरामद, तस्कर अरेस्ट लोटन कोतवाली पुलिस को मिली सफलता
(सिद्धार्थनगर)। थाना कोतवाली लोटन पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने एक व्यक्ति के पास से 10 किलो 740 ग्राम चरस बरामद किया है। पुलिस ने बरामद चरस की कीमत अंतराष्ट्रीय बाज़ार में एक करोड़ बीस लाख रुपये बताई है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण व तस्करों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 25 मार्च की रात्रि को थाना लोटन पुलिस टीम द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर पैदल गश्त किया जा रहा था, इसी दौरान मुखबीर खास द्वारा सूचना दिया गया कि एक व्यक्ति नेपाल से भारी मात्रा में चरस लेकर आ रहा है । इस सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम द्वारा मुखबीर खास द्वारा बताए गये स्थान पर पहुंचा गया जहां एक व्यक्ति भारतीय सीमा में पिलर संख्या 538 के पास से आता हुआ दिखाई दिया । जिसे पहले से ही सतर्क पुलिस टीम द्वारा रात्रि 08:05 बजे पकड़ लिया गया । अभियुक्त की जामा-तलाशी में अभियुक्त के पास से 10 किलो 740 ग्राम चरस बरामद हुआ, जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 01 करोड़ 20 लाख रुपये है । जिसके सम्बन्ध में थाना लोटन पर मु0अ0सं0 43/21 धारा 8/20/23 एन0डी0पी0एस0 अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय भेजा जा रहा है । गिरफ्तार अभियुक्त की पहचानगिर बहादुर पुत्र बहादुर निवासी सूर्यपुरा गैढ़वा गांव जिला रूपनदेही राष्ट्र नेपाल के रूप में हुई है। गिरफ्तार करने वाले पुलिस टीम में लोटन कोतवाली के उप निरीक्षक इशान्शू श्रीवास्तव,हे.का. राजेन्द्र यादव, हे. का.चन्द्रशेखर सिंह, का. मनीष गौड़,का. अरूण पाण्डेय शामिल रहे। बताया कि सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक राम अभिलाष त्रिपाठी द्वारा उत्साहवर्धन हेतु दस हजार रुपये नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
