21 October, 2026 (Wednesday)

ओमिक्रोन का बढ़ रहा खतरा, 10 राज्‍यों में टीमें भेजेगा स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय; जानिए- किस राज्‍य में कितने केस आए हैं सामने

ओमिक्रोन वैरिएंट भारत में तेजी से पैर पसार रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 10 चिन्हित राज्यों में बहु-अनुशासनिक केंद्रीय टीमों को तैनात करने का निर्णय लिया गया है। ये वे राज्‍य हैं, जिनमें से ओमिक्रोन और कोविड-19 के मामलों की संख्या बढ़ रही है या धीमी टीकाकरण गति देखने को मिल रही है। अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के इस सबसे तेज फैलने वाले वैरिएंट के देशभर में 415 मामले सामने आ चुके हैं। भारत में ओमिक्रोन अब तक 17 राज्‍यों तक पहुंच गया है। महाराष्‍ट्र में 100 से ज्‍यादा मामले ओमिक्रोन के सामने आ चुके हैं। वहीं, दिल्‍ली में भी आंकड़ा 79 पहुंच गया है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 115 लोग ओमिक्रोन को मात भी दे चुके हैं। आइए आपको बताते हैं कि अब तक किस राज्‍य में कितने ओमिक्रोन के मामले सामने आ चुके हैं।

महाराष्‍ट्र में ओमिक्रोन के अब तक 108 मामले सामने आ चुके हैं, जो बेहद चिंता का विषय है। ऐसे में राज्‍य सरकार ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बीएमसी ने खुले में नए साल के आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इधर दिल्‍ली में ओमिक्रोन के मरीजों की संख्‍या 79 पहुंच गई है। राजधानी में सार्वजनिक स्‍थलों के आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा गुजरात में 43, तेलंगाना में 38, केरल में 37, तमिलनाडु में 34, कर्नाटक में 31 और राजस्‍थान में 22 मामले सामने आ चुके हैं।

इधर कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में भी पिछले कुछ दिनों से इजाफा देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटों की बात करें तो 7 हजार 189 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान संक्रमण के कारण 387 लोग मारे गए हैं। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने लोगों को सर्तक करते हुए महामारी के लिए जारी किए गए दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से जल्‍द से जल्‍द कोरोना रोधी वैक्‍सीन लेने का आग्रह किया है। बता दें कि देशभर में अभी तक 141 करोड़ से ज्‍यादा कोरोना वैक्‍सीन की डोज दी जा चुकी हैं।

jagran

उल्‍लेखनीय है कि विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन भी ओमिक्रोन को बेहद खतरनाक घोषित कर चुका है। दुनियाभर में ओमिक्रोन बहुत तेजी से फैल रहा है। अमेरिका और यूके में तो इन दिनों एक लाख से ज्‍यादा कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। चिंता की बात ये है कि इनमें से 70 फीसद से ज्‍यादा ओमिक्रोन के मामले हैं। ऐसे में भारत के लिए भी ये खतरे की घंटी है। भारत कोरोना की दूसरी लहर के दौरान बने मुश्किल हालातों को देख चुका है। ऐसे में लोगों से यही आग्रह किया जा रहा है कि भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और जरूरत न हो तो घर से बाहर न निकलें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed