22 June, 2026 (Monday)

ODI सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद अफगान टीम के लिए आई बुरी खबर, ICC का कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी पर सख्त एक्शन

भारत के खिलाफ चेन्नई में खेले गए तीसरे ODI के दौरान अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी को ICC आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
IND vs AFG: अफगानिस्तान की टीम भारतीय सरजमीं पर खेली गई ODI सीरीज में टीम इंडिया के खिलाफ एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी। चेन्नई में भारत के खिलाफ तीसरे ODI में अफगान कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने शानदार शतक जड़ा, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। अब इस करारी शिकस्त के बाद कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी को तगड़ा झटका लगा है। कप्तान शाहिदी को मैच के दौरान कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन महंगा पड़ गया और अब ICC ने उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। ICC ने अफगान कप्तान को आधिकारिक फटकार लगाते हुए उनके डिसिपिलेनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया है। यह पिछले 24 महीनों में उनका पहला अपराध माना गया है।
क्या था पूरा मामला?
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम ODI के दौरान शाहिदी पर पिच को नुकसान पहुंचाने से जुड़े नियम का उल्लंघन करने का आरोप लगा। ICC ने उन्हें प्लेयर और सपोर्ट स्टाफ के लिए लागू कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.10.10 का दोषी पाया गया, जो बल्लेबाज द्वारा जानबूझकर या टाले जा सकने वाले तरीके से पिच को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है।

मैच के दौरान शाहिदी को बल्लेबाजी करते समय पिच पर दौड़ने को लेकर दो बार अनौपचारिक चेतावनी दी गई थी। इसके बाद अफगानिस्तान की पारी के 31वें ओवर में उन्हें आधिकारिक चेतावनी भी मिली। हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने 40वें ओवर में फिर वही गलती दोहराई और पिच के बीच से दौड़ पड़े। लगातार चेतावनी के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने पर अफगानिस्तान की टीम पर पांच रन की पेनाल्टी लगा दी गई।

सुनवाई की नहीं पड़ी जरूरत
हश्मतुल्लाह शाहिदी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी रंजन मदुगले द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया। ऐसे में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदान पर मौजूद अंपायर क्रिस गैफनी और रोहन पंडित, थर्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और फोर्थ अंपायर वीरेंद्र शर्माने यह आरोप दर्ज कराया था। ICC के नियमों के अनुसार लेवल-1 उल्लंघन पर खिलाड़ी को आधिकारिक फटकार, मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट दिए जा सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *