10 August, 2026 (Monday)

‘पुलिस से झड़प नहीं, उपद्रवियों का साथ नहीं’, झारखंड विधानसभा मार्च से पहले छात्रों की साथियों से अपील

रांची में आज छात्र सड़कों पर उतरने वाले हैं। विधानसभा मार्च से पहले छात्र संगठन की ओर से साथियों के नाम अपील जारी की गई है। इस अपील में छात्रों से कहा गया है कि वे मार्च के दौरान अनुशासन बनाए रखें।
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 17 वें दिन भी जारी है। आज छात्र विधानसभा मार्च करेंगे। इसी बीच JPSC-JSSC रिफॉर्म की ओर से धरना दे रहे छात्रों के लिए एक अपील जारी की गई है। इसमें छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आंदोलन करने की अपील की गई है। इसमें साफ तौर पर छात्रों से अपील की गई है कि वे पुलिस से झड़प नहीं करेंगे और उपद्रव करने वालों का साथ नहीं देंगे।

राहगीरों एवं आम लोगों का ख्याल रखने की अपील
इस अपील में छात्रों से एकजुट होकर एक स्थान पर शांतिपूर्वक रहने को कहा गया है। विधानसभा मार्च के दौरान सभी छात्रों से एक साथ आगे बढ़ने और अलग-अलग भीड़ नहीं लगाने को कहा गया है। साथ ही यातायात प्रभावित नहीं करने और राहगीरों एवं आम लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने देने की अपील की गई है।
शांतिपूर्ण तरीके से मार्च करने की अपील
आंदोलनकारी छात्रों से बैनर-पोस्टर और नारों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मार्च में शामिल होने को गया है। साथ ही अपील में यह स्पष्ट किया गया है कि पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति से झड़प नहीं करनी है और उपद्रव करने वालों का साथ नहीं देना है। किसी भी तरह की अराजकता की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

छात्रों से अफवाहों से बचने की अपील
साथी छात्रों से अपनी मांगों को कापी शांतिपूर्ण और संवेदनशील तरीके से सरकार के सामने रखने को कहा गया है। अब तक छात्रों ने जिस समझदारी और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, उसे आगे भी बनाए रखना जरूरी है। छात्रों को अफवाहों से बचने और किसी भी सूचना को पहले वेरिफाई करने की सलाह दी गई है। अपील में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनकी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने रखने पर जोर दिया गया है।

इस बीच छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट है। विधानसभा के रास्ते में कई लेयर की बैरिकेडिंग की गई है। वहीं एहतियातन धारा 163 लागू कर दिया गया है। पुलिस की ओर से अपील की गई है कि छात्र शांति व्यवस्था बनाए रखें। विधानसभा मार्च की अपील के मद्देनजर रविवार से ही बड़ी संख्या में छात्र रांची में जमा होने लगे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *