06 June, 2026 (Saturday)

ब्रिटेन में नए वैरिएंट से निपटने को घर-घर हो रही जांच, सऊदी अरब ने 20 देशों के नागरिकों के खिलाफ उठाए ये कदम

कोरोना महामारी के बीच ब्रिटेन में आए नए वैरिएंट से अभी मुसीबत कम नहीं हुई हैं। अब ब्रिटेन में नए वैरिएंट की जांच के लिए घर-घर टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। ब्रिटेन महामारी की बड़ी दिक्कत में फंसा हुआ है। लॉकडाउन के बीच दक्षिण अफ्रीका से आए नए वैरिएंट ने यहां पर मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ा दी है। अब इससे निजात पाने के लिए मोबाइल टेस्टिंग वैन के जरिए सघन टेस्टिंग की जा रही है। लॉकडाउन के साथ ही अन्य पाबंदियों का भी सख्ती के साथ पालन किया जा रहा है। एक दिन में यहां पर नए वैरिएंट के 105 मामले सामने आए हैं।

पाकिस्तान में टीकाकरण शुरू

सऊदी अरब ने कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए बीस देशों से आने वाले लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस नियम में उसने सऊदी अरब के रहने वाले, डाक्टर और राजनयिकों को छूट दी है। रोक वाले देशों की सूची में भारत भी शामिल है। पाकिस्तान में वैक्सीन लगाने का काम शुरू हो गया है। सबसे पहले पचास साल से ऊपर के डाक्टरों को वैक्सीन दी जा रही है। पाकिस्तान ने चीन से वैक्सीन ली है।

सिंगापुर ने माडर्ना वैक्सीन को मंजूरी दी

सिंगापुर एशिया का पहला देश है, जिसने माडर्ना वैक्सीन को मंजूरी दी है। इस वैक्सीन की पहली खेप मार्च में आएगी। इससे पहले यहां पर फाइजर की वैक्सीन लगाने का काम चल रहा है। आस्ट्रेलिया ने अपने यहां हर उम्र के लोगों को फाइजर की वैक्सीन लगाने की मंजूरी दे दी है। रूस में वैक्सीन लगाने के दौरान भी कोरोना के मरीजों पर नियंत्रण नहीं हो सका है। यहां पर पिछले 24 घंटों के दौरान 16 हजार से ज्यादा नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं।

विकासशील देशों को वैक्सीन देगा चीन

वहीं भारत के वैक्सीन डिप्लोमेसी से घबराए चीन ने बुधवार को ग्लोबल कोवैक्स अभियान के तहत विकासशील देशों को कोरोना वायरस की एक करोड़ खुराक देने की योजना का एलान किया। इस अभियान में शामिल होने के लिए चीन की तीन कंपनियों ने आवेदन किया है।

पूरी दुनिया में वैक्‍सीन पहुंचाने की योजना

बता दें कि कोवैक्स वास्तव में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और गावी वैक्सीन गठबंधन का एक अभियान है। इसके तहत कोरोना वैक्सीन को विकसित करने और उसे पूरी दुनिया में एकसमान रूप से पहुंचाने की योजना तैयार की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य कम और निम्न मध्यम आय वर्ग देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत दो से तीन अरब वैक्सीन इस वर्ष उपलब्ध कराई जाएगी। चीन के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को नियमित ब्रीफिंग के दौरान इसका एलान किया।

वुहान की रिसर्च लैब पहुंची डब्ल्यूएचओ की टीम

समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की टीम ने बुधवार को चीन के वुहान शहर में स्थित उस लैब का दौरा किया, जिसके बारे में कहा जाता है कि कोरोना वायरस की उत्पत्ति यहीं से हुई है। दल में शामिल एक विज्ञानी ने कहा कि वे लैब के कर्मचारियों से मिलने और उनसे कुछ प्रमुख मुद्दों पर बात करना चाहते हैं। जब डब्ल्यूएचओ की टीम यहां पहुंची तो सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मी गेट पर तैनात दिखे। खास बात यह थी कि टीम के किसी सदस्य ने पीपीई किट नहीं पहन रखी थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *