05 June, 2026 (Friday)

शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या से जुड़ा नया CCTV फुटेज आया सामने, बाइक और स्कूटी में दिखे हमलावर-VIDEO

शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बंगाल में सियासी बवाल मचा हुआ है। बीजेपी सीधे-सीधे हत्या के पीछे ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का हाथ बता रही है। मर्डर के विरोध में बंगाल में प्रोटेस्ट भी शुरू हो गया है।
शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या से जुड़ा नया CCTV फुटेज सामने आया है। CCTV फुटेज कल (बुधवार) रात 10 बजकर 8 मिनट का है। यानि चंद्रनाथ रथ की हत्या से महज कुछ मिनट पहले का है। CCTV फुटेज में सबसे पहले स्कॉर्पियो जाते दिखती है, जिस पर चंद्रनाथ रथ सवार थे।

बाइक और स्कूटी में दिखे हमलावर
रात 10 बजकर 8 मिनट 46 सेकंड पर चंद्रनाथ रथ की कार जाते दिखी। उसके दो सेकंड बाद एक बाइक और स्कूटी आती है। फिर दोनों उस गाड़ी का पीछा करते हैं। बताया जा रहा है कि ये दोनों ही संदिग्ध हमलावर हैं, जिसकी जांच अब पुलिस कर रही है।

कार की अगली सीट पर बैठे थे चंद्रनाथ
चंद्रनाथ रथ की हत्या का एक और वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ-साफ दिख रहा है कि स्कॉर्पियो की अगली सीट पर चंद्रनाथ रथ बैठे हैं। सीट बेल्ट लगा हुआ है। उनके कंधे और सीने में गोली लगी है। शरीर से खून बह रहा है। रथ की हत्या उनके घर से महज 150 मीटर की दूरी पर गोली मारकर की गई। मर्डर की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि चंद्रनाथ रथ और उनके ड्राइवर की बॉडी से खून बह रहा था।

सुनियोजित थी हत्या की साजिश
चन्द्रनाथ रथ मध्यमग्राम के ऑर्चिड सोसाइटी के फ्लैट नंबर 205 में रहते थे। जिस तरह उनके घर से महज 150 मीटर की दूरी पर हत्या की गई। मर्डर के लिए जिस लोकेशन को चुना गया है, उससे देखकर लग रहा है कि ये हत्या सुनियोजित थी।

शुभेंदु ने ममता और अभिषेक पर साधा निशाना
वहीं, शुभेंदु अधिकारी ने अपने PA की हत्या पर पहली बार खुलकर बयान दिया है। शुभेंदु ने कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या साजिश के तहत हुई है। अगर मैं भवानीपुर में चुनाव हार जाता तो चंद्रनाथ रथ की हत्या नहीं होती। रथ के शरीर में पिन प्वाइंट लोकेशन पर गोली मारी गई है। ममता और उनका भतीजा बंगाल में अशांति फैलाने के लिए मीटिंग कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *