07 March, 2026 (Saturday)

MCA का बड़ा ऐलान, वानखेड़े स्टेडियम में रवि शास्त्री के नाम पर होगा स्टैंड, तीन गेट दिग्गजों के नाम

T20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने बड़ा ऐलान किया है। MCA ने वानखेड़े स्टेडियम के लेवल-1 स्टैंड का नाम पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और कोच रवि शास्त्री के नाम पर रखने का निर्णय लिया है।
मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम को लेकर बड़ी खबर आई है।। अब जब भी क्रिकेट फैंस मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश करेंगे, तो उन्हें भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों की विरासत और भी करीब से महसूस होगी। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन यानी MCA ने 27 फरवरी को हुई एपेक्स काउंसिल की बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए स्टेडियम के प्रेस बॉक्स के नीचे स्थित लेवल-1 स्टैंड का नाम पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और कोच रवि शास्त्री के नाम पर रखने का निर्णय लिया है।
MCA प्रेसीडेंट अजिंक्य नाइक ने बयान जारी कर कहा की मुंबई क्रिकेट हमारे दिग्गजों द्वारा रखी गई मजबूत नींव पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन लोगों का सम्मान करें, जिन्होंने शहर और देश का नाम रोशन किया है। प्रेस बॉक्स के नीचे लेवल 1 स्टैंड का नाम रवि शास्त्री के नाम पर रखने का प्रस्ताव एक खिलाड़ी, लीडर और कोच के तौर पर उनके बहुत बड़े योगदान को सम्मान देना है।

टीम इंडिया के लिए खेले 200 से ज्यादा मैच
रवि शास्त्री ने मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने के बाद भारत के लिए 80 टेस्ट और 150 ODI मैच खेले। 2017 से 2021 तक वे भारतीय टीम के हेड कोच भी रहे। उनके कार्यकाल में भारत ने 2019 ODI वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक सफर तय किया। शास्त्री की कोचिंग में ही भारत ने 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीती और 2020-21 में उस ऐतिहासिक जीत को दोहराया।

MCA ने किया बड़ा ऐलान
MCA ने शास्त्री के अलावा स्टेडियम के तीन गेट भी दिग्गज खिलाड़ियों के नाम समर्पित करने का फैसला किया है। गेट का नामकरण दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोलकर और डायना एडुल्जी के नाम पर किया जाएगा। दिलीप सरदेसाई ने 1971 के वेस्टइंडीज दौरे पर 642 रन बनाकर भारत की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। एकनाथ सोलकर को शॉर्ट लेग पर बेहतरीन कैचिंग के लिए जाना जाता था। वहीं डायना एडुल्जी भारतीय महिला क्रिकेट की अग्रणी हस्तियों में रही हैं और उन्होंने 22 इंटरनेशनल मैचों में भारतीय महिला टीम की कप्तानी की। अजिंक्य नाइक ने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम के गेट दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोलकर और डायना एडुल्जी को समर्पित करने का मकसद गौरवशाली विरासत की याद दिलाना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed