मारुति सुजुकी ने रेल मार्ग से जम्मू-कश्मीर तक कारें पहुंचाईं
नई दिल्ली। हाल ही में मारुति सुजुकी ने रेल मार्ग से जम्मू-कश्मीर तक कारें पहुंचाईं। मारुति सुजुकी ने बताया कि पहला शिपमेंट अनंतनाग टर्मिनल तक पहुंच चुका है, जिसमें ब्रेजा, डिजायर, वैगनआर और एस-प्रेसो जैसी उसकी सबसे ज्यादा बिकने वाली कारें शामिल थीं। कंपनी ने देश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ऐसा करने वाली कंपनी भारत की पहली ऑटोमोबाइल निर्माता बन गई है। यह ट्रेन 850 किलोमीटर की दूरी तय कर घाटी पहुंची और इस दौरान विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज, चेनाब ब्रिज को भी पार किया। कंपनी का मानना है कि यह कदम न केवल लॉजिस्टिक्स को सुगम बनाएगा बल्कि कश्मीर घाटी में कनेक्टिविटी और डिलीवरी क्षमता को भी मजबूत करेगा। इस मौके पर मारुति सुजुकी के एमडी और सीईओ हिशाशी टाकेउची ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्रालय को धन्यवाद दिया।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस परियोजना को “गेम चेंजर” करार दिया और कहा कि जैसे कश्मीर के सेब रेल से देशभर में पहुंचते हैं, वैसे ही अब मारुति की कारें भी पहुंचेंगी। बिक्री के मोर्चे पर भी कंपनी की स्थिति मजबूत रही। सितंबर में कुल 1,89,665 गाड़ियों की बिक्री हुई, जिसमें 1,35,711 घरेलू बाजार के लिए, 11,750 अन्य ओईएमएस के लिए और 42,204 यूनिट्स एक्सपोर्ट के लिए थीं। नवरात्रा के पहले आठ दिनों में 1.65 लाख गाड़ियों की रिकॉर्ड डिलीवरी कंपनी की मजबूती को और दिखाती है।
