सक्रिय है मानसून, कई इलाकों में अलर्ट जारी; देश के उत्तर व उत्तर पश्चिम इलाके होंगे बारिश से सराबोर
मानसून की एंट्री से दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में मौसम खुशनुमा है। देश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय मानसून की स्थिति के साथ, इस सप्ताह उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा। पिछले सप्ताह के अंत में बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवाएं इस क्षेत्र में प्रवेश कर चुकी हैं। इसके कारण कुछ दिन और उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश होती रहेगी। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आगामी पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत बारिश होने की संभावना है।
इन इलाकों में है येलो व ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कई इलाके आज बारिश से सराबोर हो सकते हैं। राज्य के कुछ इलाकों के आसमान में बादल रहेंगे और हल्की बारिश भी हो सकती है। पश्चिम यूपी सहित बलिया व लखीमपुर खीरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। वहीं पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में हल्की से तेज बारिश की संभावना है।
13 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली और उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम के शेष हिस्सों में आया। मंगलवार को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर लगातार दूसरे दिन बारिश दर्ज की गई। वहीं, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी दर्ज हुई।
