दिल्ली-एनसीआर में मानसून के लेट होने का आखिर क्या है ‘पाकिस्तानी कनेक्शन’
राजस्थान और पाकिस्तान की गर्म हवाओं ने इस बार मानसून की चाल ही नहीं बिगाड़ी, बल्कि जुलाई में लू के थपेड़े झेलने पर भी मजबूर कर दिया है। आलम यह है कि जुलाई के पहले सप्ताह में सात में से पांच दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा है। तीन दिन से लू चल रही है, हालांकि शुुक्रवार को थोड़ी राहत है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान भी लगातार फेल हो रहे हैं। आमतौर पर जुलाई में पश्चिमी हवाएं नहीं चलती। लू की स्थिति भी नहीं ही रहती, लेकिन इस बार ऐसा हुआ क्योंकि पाकिस्तान की गर्म हवाओं हालात बदलकर रख दिए।
वहीं, मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार मानसून की निम्न दबाव की रेखा जून के तीसरे सप्ताह में दक्षिण से उत्तर में शिफ्ट हो गई। यानी हिमालय के तराई क्षेत्र में पहुंच गई। इससे गर्म पश्चिमी हवाओं ने जोर पकड़ लिया। पिछले 15 दिन से भी अधिक समय से जमीन से पांच-छह किमी. की ऊंचाई अथवा वायुमंडल के निचले हिस्से में इन हवाओं ने डेरा जमाया हुआ है। इसी कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से चलने वाली दक्षिणी पश्चिमी हवाएं बेअसर हो रही हैं। लेकिन अब इस स्थिति में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।मौसम विज्ञानियों के अनुसार निम्न हवा का दबाव क्षेत्र तो 11 जुलाई को बनेगा, लेकिन निम्न दबाव की रेखा हिमालय के तराई क्षेत्र से धीरे धीरे वापस शिफ्ट होनी शुरू हो गई है। पहले इसका पूर्वी सिरा नीचे आएगा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होगा। इसके बाद इसका पश्चिमी सिरा नीचे आएगा तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और फिर राजस्थान में भी बारिश होने लगेगी।
महेश पलावत (उपाध्यक्ष, स्काईमेट वेदर) का कहना है कि मानसून और बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बननी शुरू हो गई हैं। बारिश का दौर भी शुरू होने को है। अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं। मानसून की दस्तक भी सप्ताहांत के आसपास संभावित है।
बृहस्पतिवार को भी नहीं मिली उमस भरी गर्मी से राहत
बृहस्पतिवार को भी दिल्ली में उमस भरी गर्मी और लू की स्थिति से राहत नहीं मिली। तेज धूप के बीच दिन भर दिल्ली वासी पसीना पोछते रहे। हालांकि मौसम विभाग ने हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया था, लेकिन खबर लिखे जाने तक बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 41.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री ज्यादा 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 44.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ नजफगढ़ दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। हवा में नमी का स्तर 35 से 59 फीसद रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए हैें और हल्की बारिश होने का भी अनुमान है। इससे तापमान भी कुछ नीचे आएगा और 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
