05 June, 2026 (Friday)

कर्नाटक से राज्यसभा जा सकते हैं मल्लिकार्जुन खरगे-पवन खेड़ा, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश से ये नाम रेस में सबसे आगे

राज्यसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अभी तक नाम तय नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर देगी। मल्लिकार्जुन खरगे और पवन खेड़ा का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है।
नई दिल्लीः कांग्रेस में राज्यसभा सीटों को लेकर अब नए समीकरण सामने आ रहे हैं। कर्नाटक से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, मंसूर अली खान और पवन खेड़ा को राज्यसभा भेजा जा सकता है। इन तीनों नेताओं के नाम पर मंथन भी चल रहा है। पवन खेड़ा के राज्यसभा जाने की अटकलें लंबे समय से चल रही है।
कांग्रेस इन नामों पर भी कर रही विचार

राज्यस्थान से नीरज डांगी की फिर से वापसी हो सकती है। कांग्रेस डांगी को एक बार और मौका दे सकती है। मध्य प्रदेश से कांग्रेस किसी महिला नेता को राज्यसभा भेजने पर भी चर्चा कर रही है। इसमें शोभा ओझा और मीनाक्षी नटराजन जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि कमलनाथ भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा जाने के इच्छुक हैं। तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से किसी स्थानीय नेता के नाम पर विचार चल रहा है।

सीएम विजय ने कांग्रेस को दी राज्यसभा सीट

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने राज्यसभा की एकमात्र खाली सीट अपने गठबंधन सहयोगी कांग्रेस को दे दी है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा ज़ोरों पर है कि कांग्रेस के रणनीतिकार प्रवीण चक्रवर्ती पार्टी के उम्मीदवार बन सकते हैं। चक्रवर्ती को कांग्रेस-TVK गठबंधन को आकार देने में मदद करने का श्रेय दिया जाता है, जिसने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया। राज्यसभा में यह सीट AIADMK नेता CV शनमुगम के तमिलनाडु विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद संसद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई है। यहां पर 18 जून को राज्यसभा के लिए उपचुनाव होगा। तमिलनाडु में कांग्रेस के पास मात्र पांच विधायक हैं। जबकि टीवीके के पास 107 विधायक हैं।

18 जून को होगा 27 सीटों पर चुनाव

बता दें कि राज्यसभा की 27 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इनमें 10 राज्यों में रिटायरमेंट से खाली हुई 24 सीटें और महाराष्ट्र, तमिलनाडु तथा ओडिशा में इस्तीफ़ों के कारण खाली हुई तीन सीटों पर उपचुनाव शामिल हैं। सभी 27 सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा और वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे के बाद की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून (दोपहर 3 बजे तक) है। अधिसूचना के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा 9 जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून तय की गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *