जम्मू-कश्मीर में काउंटर इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई, श्रीनगर-शोपियां समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी
जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल की जांच तेज कर दी गई। भारतीय सुरक्षा एजेंसी हर पहलू की सख्ती से पड़ताल कर रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) विंग ने बड़ी छापेमारी करते हुए तीन जिलों में 10 से अधिक जगहों पर रेड की। जिसमें शोपियां, गांदरबल और श्रीनगर शामिल हैं।
विदेश से ऑपरेट कर रहा नेटवर्क
अधिकारियों के मुताबिक यह जांच एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क से जुड़ी हुई है, जिसका संचालन शब्बीर अहमद लोन कर रहा है। लोन जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन क्षेत्र का निवासी है और प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल वह विदेश से ही अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।
अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से संपर्क
जांच एजेंसियों का कहना है कि इस पूरे मामले के तार एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इस मॉड्यूल को बांग्लादेश और पाकिस्तान में बैठे LeT के संचालकों से निर्देश मिल रहे हैं।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि चल रही तलाशी कार्रवाई एक सक्षम अदालत द्वारा जारी सर्च वारंट के तहत की जा रही है। यह वारंट हाल ही में CIK पुलिस स्टेशन में दर्ज एक नए आतंकी मामले की जांच के सिलसिले में जारी किया गया है।
