LIVE: पंडित नेहरू से आगे निकले PM मोदी, कार्यकाल के 4399 दिन हुए पूरे; शहर-शहर जश्न की तैयारी
नरेंद्र मोदी ने लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू के 4 हजार 398 दिनों के रिकॉर्ड को आज तोड़ा। पीएम मोदी का अब तक का कुल कार्यकाल 4 हजार 399 दिनों का हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। उन्होंने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के पंडित नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वह देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। 9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी ने NDA के तीसरे कार्यकाल में पीएम पद की शपथ ली थी। इसी के साथ उनके सत्ता में रहने के 12 साल भी पूरे हो गए हैं।
62 साल बाद टूटा रिकॉर्ड, पंडित नेहरू से आगे नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और आज 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं। अब वो सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। देश में पहले चुनाव 1952 में हुए थे। पंडित जवाहर लाल नेहरू मई 1952 में पहली बार चुने हुए प्रधानमंत्री बने थे। उसके बाद वह 27 मई 1964 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। पंडित नेहरू ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4 हजार 398 दिन काम किया लेकिन आज पीएम मोदी देश के पहले पीएम पंडित नेहरू से भी आगे निकल गए हैं।
BJP नेता करेंगे विशेष पूजा अर्चना
इस मौके पर आज देशभर में कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही बीजेपी नेता पीएम मोदी के लिए मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना करेंगे। पीएम मोदी की इस कामयाबी पर दिल्ली के सड़कों पर पीएम मोदी के बड़े बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं।
12 साल पूरे होने पर PM मोदी ने क्या पोस्ट किया?
अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने X पर वीडियो पोस्ट कर लिखा है,”जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है। सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥
देश-दुनिया से मिल रही बधाई
मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए X पर लिखा, ”माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।”
लोकसभा अध्यक्ष ने पीएम को लिखी चिट्ठी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है, ”आज जब आप प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर रहे हैं, तब स्वाभाविक रूप से यह उस प्रभाव का मूल्यांकन करने का भी अवसर है जो इस अवधि ने भारत की शासन व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं, विकास की दिशा और राष्ट्रीय मानस पर छोड़ा है। वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं एवं चुनौतियों के दौर में सशक्त और स्थिर राष्ट्रीय नेतृत्व के महत्व को किसी भी प्रकार से कम करके नहीं आंका जा सकता। इतिहास में कुछ उपलब्धियाँ आँकड़ों से बड़ी होती हैं, वे एक युग की पहचान बन जाती हैं। मुझे विश्वास है कि यह अवसर भी भारतीय लोकतंत्र के ऐसे ही महत्वपूर्ण पड़ावों में स्मरण किया जाएगा।”
PM मोदी की उपलब्धि पर मलेशिया के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल से बधाई दी है। उन्होंने X पर लिखा, “भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पीएम मोदी को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि उनके वर्षों की समर्पित जनसेवा और भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक मंच पर उसकी स्थिति को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व का प्रमाण है। मलेशिया भारत के साथ अपनी करीबी और पुरानी दोस्ती को महत्व देता है और मैं द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने व हमारे लोगों के लिए अवसर बढ़ाने में हमारे सहयोग को जारी रखने के लिए उत्सुक हूं। मैं पीएम मोदी की निरंतर सफलता और भारत के लोगों के लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं।”CM योगी दी बधाई
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए X पर लिखा है, 145 करोड़ भारत वासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई। भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान संपूर्ण देश वासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
आगे उन्होंने लिखा है, ”इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देश वासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है। राष्ट्रसेवा को समर्पित आपकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।”
