23 July, 2026 (Thursday)

खत्म हुई कृष्णा अभिषेक की मामी सुनीता से तकरार, 14 साल बाद हुआ गोविंदा फैमिली का रीयूनियन

गोविंदा के परिवार में सालों से चली आ रही तकरार अब खत्म हो गई है। सुनीता आहूजा और कृष्णा अभिषेक के बीच रीयूनियन हो गया है। 14 साल बाद सुनीता कृष्मा और कश्मीरा के साथ नजर आईं।
गोविंदा के परिवार में पिछले 14 सालों से चली आ रही कड़वाहट आखिरकार खत्म हो गई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो ने फैंस को चौंका दिया, जब कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह को अपनी मामी, सुनीता आहूजा के साथ बेहद खुशमिजाज अंदाज में देखा गया। सालों पुराने इस झगड़े को भुलाकर परिवार अब हंसी के ठहाकों के साथ आगे बढ़ने को तैयार नजर आ रहा है। फैमिली रीयूनियन देखकर फैंस भी काफी उत्साहित हैं। कृष्णा अभिषेक ने भी साफ कह दिया है कि अब 14 साल का वनवास खत्म हो गया है।
सुनीता आहूजा और कृष्णा-कश्मीरा का भावुक मिलन
बुधवार को मुंबई में ‘लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ सीजन 3 के सेट पर एक ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। सालों से एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखने वाले कृष्णा अभिषेक और उनकी मामी सुनीता आहूजा आखिरकार एक साथ नजर आए। इस दौरान न केवल उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाया, बल्कि पैपराजी के सामने जमकर पोज भी दिए। दिलचस्प बात यह रही कि इस खास मौके पर कृष्णा, कश्मीरा और सुनीता तीनों ही तालमेल बिठाते हुए मैचिंग आउटफिट्स में दिखाई दिए, जिसने इस मिलन को और भी यादगार बना दिया।
14 साल का ‘वनवास’ हुआ खत्म
इस मुलाकात के दौरान सुनीता आहूजा ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कहा, ’14 साल के बाद आज वनवास खत्म हुआ है।’ उनकी इस बात पर कृष्णा अपनी हंसी नहीं रोक पाए। वहीं कश्मीरा शाह ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब किसी और का वनवास शुरू होगा। इस पारिवारिक मिलन पर खुशी जाहिर करते हुए सुनीता ने आगे कहा कि अब इस पुनर्मिलन को देखकर ‘किस-किस की जलेगी, यह तो भगवान ही जाने।’ कृष्णा अभिषेक ने इस मुलाकात को एक बड़ा सरप्राइज बताया। उन्होंने साझा किया कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी मामी शो का हिस्सा बनेंगी। उन्होंने सुनीता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कदम के साथ ही पिछले 12-14 सालों से मीडिया में चल रही सभी अटकलों और अफवाहों पर अब पूर्णविराम लग गया है।

आखिर क्यों आई थी दूरियां?
कृष्णा और गोविंदा के परिवार के बीच यह अनबन तब शुरू हुई थी जब गोविंदा ने टीवी पर कृष्णा द्वारा उन पर किए गए चुटकुलों पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद सुनीता आहूजा ने कृष्णा के परिवार से पूरी तरह दूरी बना ली थी। विवाद तब और गहरा गया जब कश्मीरा शाह ने ‘पैसों के लिए नाचने वाले लोगों’ को लेकर एक ट्वीट किया, जिसे सुनीता ने गोविंदा पर कटाक्ष मान लिया था। पिछले कुछ सालों में यह झगड़ा सार्वजनिक बयानों तक पहुंच गया था, जहां कृष्णा ने गोविंदा पर अस्पताल में उनके बच्चों से न मिलने का आरोप लगाया तो वहीं गोविंदा ने अपने भांजे को झूठा तक कह दिया था। यहां तक कि 2024 की शुरुआत में सुनीता ने कपिल शर्मा के शो में न जाने का कारण भी कृष्णा और कश्मीरा की मौजूदगी को बताया था। हालांकि कृष्णा पिछले कुछ समय से लगातार इंटरव्यूज के जरिए सुलह की कोशिश कर रहे थे, जो अब सफल होती दिख रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed