Khan Sir News: फैजल खान को बड़ी राहत, ज़िला जज ने गिरफ़्तारी पर लगाई रोक
पटना ज़िला जज ने 2 जून को अपने कोचिंग इंस्टिट्यूट में गोलीबारी की घटना को कथित तौर पर अंजाम देने के मामले में दर्ज केस में फैजल खान उर्फ खान सर को बड़ी राहत दी है और उनकी गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है।
पटना ज़िला जज ने फैजल खान उर्फ खान सर को बड़ी राहत दी है और दो जून को अपने कोचिंग इंस्टिट्यूट में गोलीबारी की घटना को कथित तौर पर अंजाम देने के मामले में दर्ज हुए केस में खान सर की गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है। बता दें कि दो जून को खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर आज पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई और कोर्ट ने ये फैसला सुनाया है।
गिरफ्तार गार्ड्स को आज मिलेगी जमानत?
कोचिंग में हुई फायरिंग के इस मामले में गिरफ्तार खान सर के दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी आज कोर्ट फैसला सुनाएगा। सोमवार को दोनों गार्डों की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी जिसके बाद कोर्ट ने अपने आदेश को सुरक्षित रख लिया था।
खान सर तक नहीं पहुंची पुलिस
पटना सिविल कोर्ट में आरोपी पक्ष ज्ञान बिंदु के वकील ने खान सर की जमानत का विरोध किया और कहा कि इरादतन गोली चलाने का आदेश दिया था। पहले कहा गया था कि खान सर कोर्ट में सरेंडर करेंगे, लेकिन खान सर के वकील ने उनकी अग्रिम जमानत के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। उनके ठिकाने को लेकर लगातार अटकलें लग रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
क्या था कोचिंग पर फायरिंग का मामला?
दो जून को खान सर उर्फ फैजल खान के कोचिंग सेंटर ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ पर हमला, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना सामने आई थी। हमले का आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीट्यूट के रौशन आनंद पर लगा था। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीच्यूट के रौशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फायरिंग से संबंधित वीडियो ‘ज्ञान बिंदु’ की ओर से जारी किया गया, जिसमें खान सर के गार्ड फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस फायरिंग के वीडियो की जांच के बाद खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उनपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
