कमला हैरिस की दूसरी तस्वीर के साथ होगी कवर, विवाद के बाद ‘वोग’ का फैसला
‘वोग (Vogue)’ पत्रिका ने अपने कवर पर अमेरिका की नई उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की नई तस्वीर लगाने का फैसला ले लिया है। दरअसल, फरवरी अंक के कवर पर उनकी तस्वीर को लेकर पत्रिका को काफी विवादों का सामना करना पड़ा। इस तस्वीर पर आपत्ति जताते हुए उपराष्ट्रपति की पार्टी ने कहा था कि मैगजीन के साथ इस तस्वीर पर नहीं, बल्कि दूसरी तस्वीर पर सहमति बनी थी। जबकि ‘वोग’ ने कहा कि उन्होंने हैरिस की उनकी दिनचर्या को प्रतिबिंब करने वाली तस्वीर इसलिए चुनी क्योंकि उससे उनका विश्वसनीय तथा मिलनसार स्वभाव दिखता है, जो नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन और हैरिस के प्रशासन की एक बड़ी पहचान है।
वोग के प्रवक्ता ने बताया, ‘डिजिटल कवर में लोगों की रुचि और ऐतिहासिक पल के मौके को देखते हुए इनॉगरल इश्यू के विशेष अंक के सीमित कॉपी को फिर से प्रकाशित करने का फैसला लिया है।’ पत्रिका की संपादक एन्ना विंटूर (Editor Anna Wintour) को इसके बचाव में बोलना पड़ा। उन्होंने कहा कि पत्रिका की ऐसी मंशा नहीं थी कि हैरिस के इस अभूतपूर्व जीत को कमतर आंका जाए।
कवर पर प्रकाशित हुई थी दूसरी फोटो
पत्रिका के कवर पर उपराष्ट्रपति हैरिस शूट के दौरान पहने गए नीले रंग के सूट की बजाय, आम कपड़े और उसके साथ कनवर्स चक टेलर स्नीकर्स (जूते) पहने दिखीं जो उन्होंने अनेकों बार बार प्रचार अभियान के दौरान पहने थे। कवर पर कमला हैरिस को कैसे पेश किया जाएगा इसपर हुई बातचीत में शामिल एक व्यक्ति के अनुसार, हैरिस की टीम को शनिवार को पत्रिका के जारी होने तक इस बात की जानकारी नहीं थी कि तस्वीरे बदल दी गई है।
