फिर निर्देशन करेंगी कंगना रनौत, बोलीं- ‘इमरजेंसी’ को मुझसे बेहतर कोई डायरेक्ट नहीं कर सकता
मुंबई. बॉलीवुड की ‘पंगा गर्ल’ फिर से एक फिल्म का डायरेक्शन करने जा रही हैं. एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने उनकी आने वाली फिल्म ‘इमरजेंसी’ (Emergency) का निर्देशन खुद करने की घोषणा की है. फिल्म की कहानी भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) के जीवन पर आधारित है. इसका निर्देशन पहले फिल्म ‘रिवॉल्वर रानी’ के निर्देशक साई कबीर करने वाले थे. लेकिन कंगना ने बुधवार को कहा कि उनके अलावा कोई और इस फिल्म के साथ इंसाफ नहीं कर सकता. उन्होंने स्वदेशी सोशल मीडिया एप ‘कू’ पर इस बारे में एक पोस्ट लिखी है. इसमें उन्होंने लिखा है कि, ‘एक बार फिर निर्देशन की दुनिया में कदम रख कर खुश हूं. ‘इमरजेंसी’ पर एक साल से अधिक समय तक काम करने के बाद मुझे लगता है कि मुझसे बेहतर इसका निर्देशन कोई और नहीं कर सकता. लेखक रितेश शाह के साथ इस पर काम कर रही हूं, अगर इसके लिए मुझे अभिनय से जुड़े बाकी कामों का बलिदान भी देना पड़ा, तो तैयार हूं.
कंगना रनौत ने इससे पहले 2019 में आई फिल्म ‘मणिकर्णिका’ का निर्देशन किया था. फिल्म ‘इमरजेंसी’ के अलावा वह इन दिनों ‘थलाइवी’, ‘धाकड़’, ‘तेजस’ और ‘मणिकर्णिका रिटर्नस: दी लीजेंड ऑफ दिद्दा’ पर काम कर रही हैं.
