19 March, 2026 (Thursday)

अली लारीजानी की हत्या पर भड़का ईरान, बोला- “हर खून का हिसाब होगा”

ईरान में शीर्ष नेताओं पर लगातार हो रहे हमलों के बीच सत्ता के केंद्र से एक सख्त और साफ संदेश सामने आया है. सर्वोच्च नेतृत्व से जुड़े मोजतबा खामेनेई ने एक बयान जारी कर चेतावनी दी कि अली लारीजानी की हत्या के जिम्मेदार लोगों को जल्द ही इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस घटना का जवाब जरूर दिया जाएगा और दोषियों को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी.

यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान और इजरायल के बीच तनाव दिन प्रति दिन लगातार बढ़ रहा है और पूरे क्षेत्र में अस्थिरता का माहौल बना हुआ है. हालात इतने गंभीर हैं कि बड़े टकराव की आशंका जताई जा रही है. वहीं, सरकार द्वारा लारीजानी की मौत की पुष्टि के एक दिन बाद खामेनेई ने गहरा दुख जताया, उन्होंने लारीजानी को दूरदर्शी और देश के लिए समर्पित नेता बताया, जिनका राजनीति में अहम योगदान रहा.

दोषियों को इसकी सजा मिलेगी
उन्होंने यह भी कहा कि किसी बड़े नेता की हत्या यह दिखाती है कि विरोधी ताकतें उनसे कितनी नफरत करती हैं. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे हमलों से ईरान कमजोर नहीं होगा, बल्कि और मजबूत बनेगा. उनके शब्दों में, “हर खून की एक कीमत होती है और दोषियों को इसकी सजा मिलेगी.”

ईरान के सख्त कदम के संकेत
इस घटना के बाद संकेत मिल रहे हैं कि ईरान अब इस मामले में सख्त कदम उठा सकता है. पहले भी ईरानी नेतृत्व कड़े जवाब की बात कह चुका है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि ये हमले एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हो सकते हैं, जिनका मकसद ईरान के नेतृत्व को कमजोर करना है. इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निंदा हो रही है और रूस सहित कई देशों ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *