13 से 15 दिसंबर तक हो सकती है आईपीएल नीलामी : रिपोर्ट
मुम्बई (ईएमएस)। आईपीएल 2026 सत्र के लिए नीलामी 13 से 15 दिसंबर के बीच होने की संभावना हैं। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार इस 19 वें सत्र के लिए खिलाड़ियों के रिटेंशन के लिए 15 नवंबर तक की समय सीमा रखी गयी है। इसमें अधिकतर टीमें अपने मुख्य खिलाड़ियों को बनाए रखते हुए कुछ बदलावों के साथ सामने आ सकती हैं। ये भी माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में स्थिति और साफ होगी। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की ओर से अभी तारीखों की आधिकारिक रुप से पुष्टि नहीं की गई है पर अधिकांश टीमें अपनी तैयारियों में लग गयी हैं। ये भी कहा जा रहा है कि पिछले दो सालों में आईपीएल की नीलामी विदेशों में हुई थी पर इस बार ये देश में ही होने की संभावना है हालांकि इस पर अभी तक कोई फैसला नहीं आया है।
इस बार बड़े स्तर पर टीमों में बदलाव की उम्मीद नहीं की जा रही है पर चेन्नई सुपर किंग्स सहित कुछ फ्रेंचाइज़ियां अपनी टीम में बड़े फेरबदल कर सकती हैं। पिछले सीज़न में सबसे नीचे रही सीएसके इस बार नई रणनीति से उतर सकती है।
एक रिपोर्ट के अनुसार सीएसके दीपक हुड्डा, विजय शंकर साहित कुछ और खिलाड़ियों को रिलीज़ कर सकती है क्योंकि पिछले सत्र में इनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। आर अश्विन के संन्यास लेने से टीम उनकी जगह किसी और स्पिनर को जगह दे सकती है। इस बीच, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर भी सबकी नज़रें टिकी हैं। चोट के कारण वे पिछले ऑक्शन में शामिल नहीं हो पाए थे, लेकिन अब उनकी वापसी के साथ एक बार फिर भारी बोली लगने की उम्मीद है। अधिकांश फ्रेंचाइज़ियां अब अपने स्क्वॉड में खाली स्लॉट और पर्स का संतुलन बनाने में जुटी हुई हैं। सभी टीमें अपने कोर खिलाड़ियों को बनाए रखने के अलावा नये खिलाड़ियों को भी अवसर दे सकती हैं।
