कश्मीर और आतंक पर भारत ने UN में पाकिस्तान को एक बार फिर लताड़ा, दिया करारा जवाब
भारत ने कश्मीर और आतंकवाद को लेकर संयुक्त राष्ट्र में फिर से पाकिस्तान को लताड़ लगाई है। United Nations में भारतीय की प्रतिनिधि अनुपमा सिंह ने पूछा कि पाकिस्तान के रक्षामंत्री तो खुद आतंकवादियों को पनाह देने की बात करते हैं, फिर वे आतंक का शिकार कैसे।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को भारत के सामने फिर से मुंह की खानी पड़ी है। भारत ने आतंकवाद और कश्मीर को लेकर संयुक्त राष्ट्र यानी UN में एक बार फिर से करारा जवाब दिया है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को फटकार लगाई है। भारत की राजनयिक अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान की तरफ से लगाए गए झूठे आरोपों का कड़ा जवाब दिया और साथ ही, उसे पीओके खाली करने को लेकर भी चेताया। अनुपमा सिंह बोलीं कि पाकिस्तान और इस्लामिक सहयोग संगठन यानी OIC अपनी भूमिका का दुरुपयोग कर रहे हैं। भारत पर झूठे आरोप मढ़ रहे हैं, जिसको हम सिरे से खारिज करते हैं।
अपनी घरेलू नाकामियों को छिपाने के लिए पाकिस्तान कर रहा दुष्प्रचार
राजनयिक अनुपमा सिंह ने कहा कि हम पाकिस्तान की तरफ से लगाए गए दुर्भावनापूर्ण और निराधार आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हैं। हम OIC के जम्मू-कश्मीर को लेकर कही गई बातों को भी सिर से खारिज करते हैं। पाकिस्तान ने ये दुष्प्रचार अपनी घरेलू नाकामयाबियों और आतंक के सपोर्ट को छिपाने के लिए तैयार किया है।
PoJK में दमन और हत्या पर पाकिस्तान को घेरा
अनुपमा सिंह ने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर हमारे देश भारत का अटूट और अभिन्न भाग था, है और हमेशा रहेगा। एकमात्र अनसुलझा मुद्दा अगर कोई है तो वह पाकिस्तान का भारत के क्षेत्रों पर अवैध तरीके से कब्जा और उनको वापस लौटाने का है। पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर (PoJK) में दमन की सच्चाई को पाकिस्तान का दुष्प्रचार नहीं छिपा सकता है। रावलाकोट में हो रही त्रासदी, सैकड़ों लोगों के मर्डर और PoJK में क्रूर कार्रवाई, जबरन कब्जे पर बनी और दमन के सहारे टिके सिस्टम का एक नतीजा है।
डेमोग्राफी बदलने की कोशिश कर रहा है पाकिस्तान
भारत की राजनयिक अनुपमा सिंह बोलीं कि दशकों के सैन्य जमीन कब्जों, डेमोग्राफी बदलने का प्रयास और बुनियादी आजादी को छीने जाने ने मामलों को इस मोड़ पर ला दिया है।
पाकिस्तान के रक्षामंत्री ने अलापा था पुराना राग
दरअसल, पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र की मीटिंग में जम्मू-कश्मीर पर एक बार फिर पुराना राग अलापा था। भारत पर उसको बदनाम करने के आरोप लगाए थे जिसको भारत ने पूरी तरह से रिजेक्ट कर दिया। भारत की राजनयिक अनुपमा सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षामंत्री आतंकियों को पालने की बात करते हैं और फिर भी पाकिस्तान खुद को आतंक का शिकार बताता है।
