भारत में सेमीकंडक्टर यूनिट की तैयारी कर रही इंटेल, आइटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत में इंटेल का किया स्वागत
चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी इंटेल ने भारत में सेमीकंडक्टर बनाने का अपना इरादा जाहिर कर दिया है। इंटेल भारत में सेमीकंडक्टर बनाने की योजना बना रही है और इस बात के संकेत इंटेल के फाउंड्री सर्विस प्रेसिडेंट रंधीर ठाकुर ने अपने ट्वीट में दिया। मंगलवार को ठाकुर ने अपने ट्वीट में इलेक्ट्रानिक्स व आइटी मंत्रालय को सेमीकंडक्टर डिजाइन से लेकर मैन्यूफैक्चरिंग तक के लिए प्रोत्साहन की घोषणा पर बधाई दी और इलेक्ट्रॉनिक्स व सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में भारत सरकार के प्रयास पर खुशी जाहिर की।
आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा
उनके इस ट्वीट के जवाब में इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत में इंटेल का स्वागत है। इस माह के आरंभ में सरकार ने भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के प्रोत्साहन के लिए 76 हजार करोड़ रुपये के प्रोत्साहन की घोषणा की थी। आइटी मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक नए साल के आरंभ में इस सेमीकंडक्टर बनाने की इच्छुक कंपनियों के लिए विस्तृत गाइडलाइंस जारी कर दिए जाएंगे। गाइडलाइंस जारी होने के बाद तीन माह के भीतर इच्छुक कंपनियां आवेदन कर सकेंगी। इलेक्ट्रानिक्स कंपनी सैमसंग समेत टाटा ग्रुप ने भी सेमीकंडक्टर निर्माण में दिलचस्पी दिखाई है।
हालांकि इंटेल की तरफ से अभी भारत में सेमीकंडक्टर बनाने की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इंटेल की तरफ से ट्वीट करने वाले ठाकुर चिप निर्माण से ही जुड़े हैं और उनके ट्वीट के जवाब में वैष्णव की तरफ से इंटेल का भारत में स्वागत कहना इस बात को जाहिर कर रहा है कि इंटेल भारत में सेमीकंडक्टर बनाने का मन बना चुकी है। हाल ही में इंटेल ने मलेशिया के पेनांग में सेमीकंडक्टर मैन्यूफैक्च¨रग की अपनी क्षमता के विस्तार पर सात अरब डालर निवेश करने की घोषणा की थी। अब भारत सरकार की तरफ से इंसेंटिव की घोषणा के बाद इंटेल अपना इरादा बदल सकती है। इलेक्ट्रानिक्स व आइटी मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक भारत अमेरिका, दक्षिण कोरिया, ताइवान और जापन के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर का निर्माण शुरू करना चाहता है।
