18 May, 2026 (Monday)

IMD Weather Update: दिल्ली में आज छाए रहेंगे बादल, यूपी में हीटवेव की आहट तो बिहार में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी; जानें अन्य राज्यों का हाल

IMD Weather Update: दिल्ली-NCR में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी और तेज धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
IMD Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश की राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में सूरज के तल्ख तेवर को लेकर चेतावनी जारी की है, जहां तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, दूसरी तरफ मध्य प्रदेश, विदर्भ और पूर्वोत्तर समेत देश के 17 राज्यों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में छाए रहेंगे बादल
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज मौसम का मिजाज थोड़ा बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी और तेज धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी तपिश
यूपी में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की आशंका है। प्रयागराज, गाजीपुर, उरई और आगरा में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है, जबकि इटावा और मेरठ में रातें भी गर्म रहने वाली हैं।

राजस्थान में 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
राजस्थान में इस पूरे हफ्ते मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे लू की स्थिति बनेगी। इसके साथ ही 20 से 30 किमी/घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है।

बिहार के इन जिलों में बारिश के अलर्ट
बिहार के भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार और अररिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

झारखंड में भी होगी बारिश
झारखंड में आज से 23 मई तक गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश का दौर चलेगा। गढ़वा, पलामू और लातेहार जैसे कुछ जिलों को छोड़कर बाकी पूरा राज्य भीगेगा।

इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में अचानक मौसम ने करवट ली है। रायपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है, जिससे पेड़ उखड़ने की भी आशंका है।
मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी आज तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी और हरिद्वार समेत कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और भारी बारिश का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सोलन और चंबा में हल्की बारिश और 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मनाली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पथनमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जबकि तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड सहित कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’ है।
तमिलनाडु के थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, कोयंबटूर और नीलगिरि में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। तटीय इलाकों में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तेलंगाना के कई हिस्सों में अगले 7 दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी है। आदिलाबाद, निजामाबाद और निर्मल जैसे जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
ओडिशा में अगले 4 दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा, हालांकि क्योंझर और मयूरभंज जैसे कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत दक्षिणी इलाकों में 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। कोलकाता में तापमान 34 डिग्री से ऊपर रहेगा।
वहीं, पूर्वोत्तर के राज्य- असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में आज बिजली कड़कने और 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *