07 October, 2026 (Wednesday)

भरे बाजार पति ने पत्नी और युवक पर की फायरिंग, फिरोजाबाद में मचा हड़कंप

फिरोजाबाद के कोटला चुंगी इलाके में मंगलवार रात पत्नी को एक युवक से बातचीत करते देख पति ने कथित तौर पर दोनों पर रिवॉल्वर से गोली चला दी। फायरिंग में पत्नी और युवक घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
फिरोजाबाद में मंगलवार रात बाजार के बीच अचानक गोलियां चलने से हड़कंप मच गया। डीएवी इंटर कॉलेज के पास एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ बातचीत करते देखा तो कथित तौर पर आपा खो दिया। आरोप है कि विवाद के बाद उसने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पत्नी और युवक दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और उसकी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली।

मामला थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला चुंगी इलाके का है। घायल महिला की पहचान गुंजन एंक्लेव निवासी शिप्रा तैलंग के रूप में हुई है, जबकि गोली लगने से घायल युवक द्वारिका पुरी निवासी सनी ठाकुर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, शिप्रा का पति ऋषभ कोटला चुंगी का रहने वाला है और उसी पर फायरिंग करने का आरोप है।

बीच बाजार में हुई कहासुनी
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात ऋषभ ने अपनी पत्नी शिप्रा को सनी ठाकुर के साथ बातचीत करते देखा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर ऋषभ ने कथित तौर पर अपनी रिवॉल्वर निकाल ली। इस दौरान ऋषभ ने शिप्रा और सनी पर गोली चला दी। फायरिंग में दोनों को गोली लगी और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।
अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए वहां से रिवॉल्वर बरामद कर ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और बरामद हथियार को जांच के लिए कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फायरिंग से पहले और बाद की पूरी घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सके।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी पति ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और घटनास्थल से रिवॉल्वर बरामद की गई है। हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *