केतन की हत्या कैसे की? दो हजार से ज्यादा कॉल्स, सिया और चेतन ने ऑनलाइन ढूंढा था मर्डर का तरीका
पुणे के बिज़नेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मंगेतर सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन ने मिलकर हत्या कर दी थी। उसकी हत्या से पहले दोनों ने ऑनलाइन मर्डर का तरीका ढूंढा था। दोनों के बीच फोन पर दो हजार से ज्यादा बार बातें हुई थीं।
पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या मामले में कई तरह के खुलासे हो रहे हैं। केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी चेतन ने केतन को पहाड़ी से धक्का दे दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई। ये हत्या पूरी प्लानिंग के तहत की गई थी। पुणे ग्रामीण पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या पहले से सोची-समझी लग रही थी, क्योंकि सिया और चौधरी ने कथित तौर पर हत्या के तरीकों के बारे में ऑनलाइन जानकारी खोजने के लिए अपने फ़ोन का इस्तेमाल किया था।
पुलिस ने क्या बताया?
पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कॉल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के विस्तृत विश्लेषण का हवाला देते हुए कहा, पुलिस ने बुधवार को बताया कि पुणे के बिज़नेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उनके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने अक्सर ऑनलाइन यह सर्च किया कि किसी की हत्या कैसे की जाए। साथ ही, लोहगढ़ किले से धक्का देकर केतन की हत्या करने से पहले, 1 जनवरी से 18 जून के बीच उन्होंने आपस में फोन पर दो हजार से ज्यादा बार एक दूसरे से बात की थी। कुछ कॉल तो 2 से 3 घंटे से भी ज़्यादा समय तक चलीं।
ऑनलाइन क्या क्या सर्च किया?
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाले दिन, लोहागढ़ किले जाने से पहले गोयल और चौधरी कथित तौर पर एक कैफ़े में मिले थे और उन्होंने अग्रवाल को खत्म करने की योजना पर चर्चा की थी।” पुणे ग्रामीण पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हत्या पहले से सोची-समझी साज़िश लगती है, क्योंकि सिया और चौधरी ने कथित तौर पर केतन को मारने के तरीके खोजने के लिए अपने मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल किया था।
लोनावला रूरल पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर और इस केस के इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर दिनेश तायडे ने बताया कि केतन अग्रवाल की हत्या के बाद भी सिया और चेतन के बीच कॉल और मैसेज का सिलसिला जारी रहा।
कौन था केतन अग्रवाल?
केतन अग्रवाल (25) अपनी फ़ैमिली फ़र्म ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर थे, जो महाराष्ट्र में वेयरहाउस बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। इस साल फ़रवरी में उनके मामा ने रिश्ता तय करवाया और उनकी सगाई सिया गोयल (20) से हुई। दोनों की शादी इस नवंबर में होने वाली थी और इसके लिए उदयपुर में होटल भी बुक हो चुके थे। गोयल भी पुणे के एक अमीर बिज़नेस परिवार से हैं। लेकिन अग्रवाल परिवार को इस बात की भनक तक नहीं थी कि वह चौधरी (22) से प्यार करती थीं।
शादी ने केतन से क्यों मंगनी की?
पुलिस को शक है कि सिया इस अरेंज मैरिज के लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन वह अपने परिवार को अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बता नहीं पा रही थीं। एक अफ़सर ने कहा, “समाज के दबाव और परिवार की इज़्ज़त को देखते हुए, उनके पास चेतन के साथ भागने का कोई विकल्प नहीं था।” सिया और चेतन, दोनों को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103 और 61(2) के तहत हत्या और साज़िश के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है।
