हिमाचल प्रदेश में दहलाने वाला हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 4 लोगों के जिंदा जलने की आशंका
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में भीषण हादसा हुआ है। यहां पर एक कार खाई में गिरने से चार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। कार में कुल चार लोग सवार थे और सभी के जिंदा जलने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश में भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, राज्य के ऊना जिले के चिंतपूर्णी के भरवाई इलाके में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। कार के खाई में गिरने के बाद इसमें आग लग गई जिस कारण हादसे में चार लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है। आइए जानते हैं कि इस हादसे के बारे में अब तक क्या कुछ मालूम चला है।
क्या है पूरा मामला?
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, ऊना जिले के चिंतपूर्णी के भरवाईं में एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद कार में आग लग गई और आशंका है कि कार सवार चारों लोग जिंदा जल गए। हादसे का शिकार हुई कार पंजाब के लुधियाना नंबर की थी। फिलहाल, कार सवारों की पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल, पुलिस ने मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया है।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, ये श्रद्धालुओं की कार थी और इसमें चार लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी जयराम शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि जहां से हादसा हुआ है, वो ब्लैक स्पॉट था और यहां पर सड़क का एक हिस्सा टूटा हुआ था, जहां से नीचे गहरी खाई मौजूद है।
टायर फटने के बाद हादसा
घटना के बाद मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी भी पहुंची थी। घटना स्थल पर मिली गाड़ी की नंबर प्लेट पर लुधियाना का नंबर अंकित है। बताया जा रहा है कि गाड़ी का टायर फटने के बाद यह हादसा हुआ। टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी और फिर उसमें आग लग गई। (रिपोर्ट: कपिल ठाकुर)
