05 June, 2026 (Friday)

धर्मेंद्र को पद्म विभूषण मिलने हेमा मालिनी ने जताई खुशी

मुंबई (ईएमएस)। हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के उन दिग्गज कलाकारों को साउथ के अभिनेता विजय देवरकोंडा ने बधाई दी है, जिन्हें इस वर्ष पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। विजय देवरकोंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए मुरली मोहन, राजेंद्र प्रसाद और आर. माधवन को पद्मश्री मिलने पर बधाई दी।
उन्होंने अभिनेता ममूटी को पद्म भूषण मिलने पर विशेष रूप से शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह सभी सम्मानित कलाकारों के लिए दिल से खुश हैं। विजय ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को पद्म विभूषण मिलने को उनके महान व्यक्तित्व और भारतीय सिनेमा में अतुलनीय योगदान का उत्सव बताया। उन्होंने लिखा कि सभी पद्म पुरस्कार विजेता अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए इस सम्मान के हकदार हैं। पद्म पुरस्कारों की घोषणा हेमा मालिनी के लिए भी बेहद खास रही। उनके पति और सिनेमा जगत के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का नाम पद्म विभूषण की सूची में शामिल होने से अभिनेत्री खुशी से गदगद नजर आईं। हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा कि सरकार द्वारा धरम जी के फिल्म उद्योग में दशकों लंबे और अमूल्य योगदान को मान्यता देना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास का एक सम्मानजनक पल बताया। उधर, अभिनेता ममूटी की आधिकारिक कंपनी ने भी पद्म पुरस्कारों को लेकर खुशी जाहिर की।
कंपनी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि ममूटी को प्रतिष्ठित पद्म भूषण पुरस्कार मिलने पर उन्हें बेहद गर्व और प्रसन्नता है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि यह सम्मान न सिर्फ ममूटी के लिए, बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा के लिए गौरव की बात है। फिल्म निर्माता जी. धनंजेयन ने भी अभिनेता आर. माधवन को पद्मश्री मिलने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि माधवन एक शानदार अभिनेता होने के साथ-साथ एक सफल निर्देशक और निर्माता भी हैं। धनंजेयन ने ‘अलाई पायुथे’ और ‘मिन्नाले’ के दिनों को याद करते हुए कहा कि वर्षों से माधवन की निरंतर प्रगति और उपलब्धियों को देखना गर्व की बात है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *