02 October, 2026 (Friday)

स्कूल बस और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, शिक्षिका की हुई मौत; हादसे के बाद मची चीख-पुकार

कानपुर के बिधनू में शुक्रवार सुबह कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर और स्कूल बस की भिड़ंत में विज्ञान शिक्षिका की मौत हो गई। हादसे में कई छात्र और शिक्षक घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिधनू में 2 अक्टूबर की सुबह कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर और स्कूल बस की भिड़ंत में विज्ञान शिक्षिका की मौत हो गई। हादसे में कई छात्र और शिक्षक घायल हुए हैं। इनमें दो छात्रों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसा बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए और कुछ ही पल में बस के भीतर चीख-पुकार मच गई।
गांधी जयंती कार्यक्रम के लिए घाटमपुर जा रही थी बस
बताया गया कि घाटमपुर के मूसानगर रोड स्थित चीना पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षक और छात्र स्कूल बस से घाटमपुर जा रहे थे। बस में पांच छात्रों समेत करीब 35 लोग सवार थे। बस को बर्रा निवासी चालक अर्जुन चला रहे थे। उनके मुताबिक नौबस्ता से बस लेकर स्कूल जाते समय हरबसपुर गांव के पास सामने से मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया।

बचाने की कोशिश के बावजूद डंपर ने मारी टक्कर
चालक अर्जुन ने बताया कि डंपर को सामने से आता देखकर उन्होंने बस को बचाने के लिए सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया। इसके बावजूद डंपर ने बस के साइड हिस्से में टक्कर मार दी। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए हादसे से बस में बैठे छात्र और शिक्षक सहम गए। कई लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और बस के अंदर चीख-पुकार मच गई।
टूटे शीशे ने ली शिक्षिका की जान
हादसे में बस की पिछली सीट के पास बैठीं विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि वह खिड़की के पास बैठी थीं और टक्कर के दौरान खिड़की का शीशा टूट गया। कांच के टुकड़े उनके सिर में जा घुसे। साथी शिक्षकों ने उन्हें तत्काल बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐश्वर्या श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव की पुत्री थीं और बर्रा क्षेत्र में रहती थीं। उनकी मौत की खबर से स्कूल परिवार में मातम पसर गया।

छात्र की आंख में घुसा कांच, दो अस्पताल रेफर
हादसे में कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच के टुकड़े लग गए। रौनक बिनगवां का रहने वाला है। उसके साथ उसका भाई कनिष्क कक्षा पांच, छात्रा मैत्री कक्षा पांच निवासी नौबस्ता, सुहानी कक्षा 11 निवासी गल्लामंडी और कुशाग्र कक्षा 10 निवासी मछरिया भी बस में सवार थे। हादसे में शिक्षिका अंजू रीता (37) निवासी तौधकपुर और शिक्षक हिमांशु यादव (30) पुत्र स्व. एसपी यादव निवासी जूही लाल कॉलोनी भी घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं अर्पित दीक्षित (25) निवासी सागरपुरी, दुर्गा चौहान (37), निखलेश्वर बाजपेई (47) और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार दिया गया।
सामने से आता दिखा डंपर, चालक ने बचाने की कोशिश की
बस में सवार मैथ टीचर दीपल पाल निवासी कर्रही ने बताया कि डंपर सामने से तेज गति में आता दिखाई दिया था। चालक ने बस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही क्षण में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने घायल छात्रों और साथियों को संभाला और उन्हें बस से बाहर निकालने में मदद की। हादसे का मंजर देखकर बस में मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक दहशत बनी रही।

शिक्षिका की मौत की खबर सुनकर बेसुध हुईं प्रिंसिपल
स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह भी निजी वाहन से बस के पीछे आ रही थीं। हादसे की जानकारी मिलते ही वह बिधनू सीएचसी पहुंचीं। वहां ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गईं। साथी शिक्षिकाओं ने उन्हें संभाला। बताया गया कि वह बार-बार ऐश्वर्या के परिवार को लेकर चिंता जताती रहीं। एक साथी शिक्षिका को सड़क हादसे में खोने की खबर से स्कूल स्टाफ भी गहरे सदमे में है।

कार्यक्रम की खुशियां मातम में बदलीं
चीना पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पंकज सचान ने बताया कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्कूल में कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम के लिए शिक्षक और छात्र घाटमपुर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे माहौल को बदल दिया। जिस कार्यक्रम को लेकर स्कूल में तैयारियां चल रही थीं उसकी जगह अब शिक्षिका की मौत और घायल छात्रों को लेकर परिवार और स्कूल स्टाफ चिंतित है।

ग्रामीणों ने पकड़ा डंपर चालक, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और बिधनू पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed