08 June, 2026 (Monday)

बस तो चुरा ली लेकिन संभाल नहीं पाया, कई मकानों में टक्कर मारने के बाद छोड़कर फरार हो गया चोर

केरल में एक शख्स ने डिपो के पास खड़ी बस चोरी कर ली। आरोपी ने शहर में कई मकानों में बस से टक्कर मारी। इसके बाद वह बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पलक्कड़: केरल के पलक्कड़ में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने केएसआरटीसी की बस चोरी कर ली। हालांकि चोर ने बस तो चुरा ली, लेकिन फिर उसे लेकर भागने में वह असफल रहा। बस चोरी करने के बाद आरोपी ने शहर के कई हिस्सों में बस को दौड़ाया, लेकिन बस अनियंत्रित होती रही और उसने कई घरों और दुकानों में बस से टक्कर भी मारी। आखिरकार आरोपी बस को छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस की टीम अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही और आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं।
कई मकानों और दुकानों में मारी टक्कर
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने रविवार को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने पलक्कड़ डिपो के पास खड़ी केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस चोरी कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बस चोरी करने के बाद कई घरों और दुकानों में टक्कर मार दी। इससे बस और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि घटना के बाद आरोपी बस को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना लगभग 2.50 बजे की है। घटना के समय बस डिपो के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान आरोपी आया और केएसआरटीसी की साधारण सेवा बस को लेकर फरार हो गया।
बस छोड़कर फरार हुआ चोर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने बस को लापरवाही से चलाया। बस चोरी करने के बाद उसने बस को शहर के कुछ हिस्सों में दौड़ाया और कई जगहों पर टक्कर भी मारी। इससे एक घर की चारदीवारी और एक दुकान को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने बताया कि इस घटना के दौरान बस को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं रविवार की सुबह बस पलक्कड़ शहर में मंगलम टावर्स के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। फिलहाल मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम आरोपी की पहचान और तलाश के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं पलक्कड़ दक्षिण पुलिस ने घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि राज्य के अन्य हिस्सों से भी पहले इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें खड़ी KSRTC बसों को अनाधिकृत रूप से चलाया गया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed