OPD, जांच और दवाइयां मुफ्त! दिल्ली में 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुले, CM रेखा गुप्ता बोलीं- 1100 का है टारगेट
दिल्ली सरकार ने लोगों को उनके घरों के नजदीक बेहतर गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध करने के मकसद से 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने शकूरपुर में इंदिरा गांधी पॉलीक्लिनिक में ‘आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर’ का उद्घाटन किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ब्रिटानिया चौक के पास शकूरपुर में इंदिरा गांधी पॉलीक्लिनिक में ‘आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर’ का उद्घाटन किया। शहर भर में आज कुल 45 आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया गया। 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की शुरुआत राजधानी दिल्ली के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के सरकार के विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
जल्द पूरा होगा 1100 से ज्यादा आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का लक्ष्य’
इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हर दिल्लीवासी को अपने घर और कॉलोनी के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, इस दिशा में आज दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर कार्य कर रहे हैं। जल्द ही 1,100 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का लक्ष्य भी पूरा होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”हमारा संकल्प है कि प्रत्येक दिल्लीवासी को उनके घर और कॉलोनी के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। इन स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या अब 415 हो गई है। 1,100 आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर स्थापित करने का लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, आवश्यक दवाइयां और 80 प्रकार की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है। इस अवसर पर विधायक तिलक राम गुप्ता, निगम पार्षद किशन लाल, और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय खटाना सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
मोहल्ले में ही मिलेंगी कई फ्री सुविधाएं
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का मुख्य उद्देश्य हर पड़ोस में पूरी तरह से मुफ्त और आसानी से सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर नागरिकों को से सुविधाएं मिलेगी।
OPD सुविधा- सामान्य बीमारियों के लिए डॉक्टरों द्वारा त्वरित जांच और सलाह।
मातृ एवं शिशु देखभाल- महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाएं।
टीकाकरण- बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक टीकों की उपलब्धता।
मुफ्त दवाइयां- मरीजों के लिए सभी आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण।
80 प्रकार के टेस्ट- स्वास्थ्य जांच के लिए 80 से ज्यादा प्रकार के मुफ्त टेस्ट की सुविधा।
सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में उठाया गया यह कदम दिल्ली के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देने और आम जनता को इलाज के भारी खर्चों से राहत दिलाने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
वहीं, आपको बता दें कि हाल में दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना कर दिया है। दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत रक्षाबंधन से होगी। इसके तहत हर महीने महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे।
