फूलों की बारिश देख झल्लाईं फराह खान? टीका लगाने से किया इनकार, वीडियो वायरल होते ही ट्रोल्स से घिरीं
फराह खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक इवेंट में ढोल-नगाड़ों और फूलों की बारिश के साथ उनका स्वागत होते देखा जा सकता है। इसी वीडियो में फराह को एक महिला तिलक लगाने की कोशिश करती है और फिल्ममेकर उसे ऐसा करने से मना कर देती हैं। इस वीडियो को लेकर अब फराह ट्रोल्स से घर गई हैं।
फराह खान अब अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने फूड ब्लॉग को लेकर चर्चा में रहती हैं। फराह आए दिन किसी न किसी नए सेलि्ब्रिटी के घर जाती हैं और इस दौरान उनका कुक दिलीप भी उनके साथ जरूर मौजूद होता है। मगर अब फराह खान एक नए वीडियो को लेकर चर्चा में हैं और इस वीडियो को लेकर वह ट्रोल्स से घिर चुकी हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर फराह खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों को ढोल-नगाड़ों और फूलों की बारिश के साथ उनका स्वागत करते देखा जा सकता है। इसी दौरान एक महिला फराह को तिलक लगाने की कोशिश करती है, लेकिन फराह ऐसा करने से उसे रोक देती हैं। अब इसी वीडियो के चलते लोग उन्हें निशाने पर ले रहे है
फराह ने महिला को माथे पर तिलक लगाने से रोका
सेलिब्रिटी पैपराजी विरल भयानी ने भी फराह खान का ये वीडियो साझा किया है, जिसके सामने आने के बाद कुछ लोग उनके व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो में फराह एक होटल की लॉबी में नजर आ रही हैं और होटल की एक कर्मचारी आरती की थाली हाथ में लेकर उनका स्वागत करती है। महिला फराह की आरती उतारती है और उन पर फूलों की बारिश की जाती है। इससे फराह कुछ इरिटेट सी नजर आती हैं। इसके बाद जैसे ही होटल की महिला कर्मचारी उन्हें टीका लगाने के लिए हाथ आगे बढ़ाती है, फराह उसे ऐसा करने से रोक देती हैं। वीडियो सामने आते ही यूजर्स के इस पर रिएक्शन आने लगे। जहां कुछ फराह के सपोर्ट में दिखे तो कुछ उनके टीका न लगवाने को लेकर सवाल खड़े करते नजर आए।
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने फराह खान पर निशाना साधना शुरू कर दिया। कई ने वीडियो पर कमेंट करते हुए तिलक लगवाने को लेकर फराह की असहजता को लेकर सवाल किए। एक ने फराह खान की सेक्युलर होने की छवि का हवाला देते हुए कमेंट में लिखा- ‘धर्मनिरपेक्षता की पोल खुल गई।’ एक मजाकिया अंदाज में लिखा- ‘वह सिर्फ एक ही टिक्का एक्सेप्ट करती हैं और वो है पनीर टिक्का।’ एक और लिखता है- ‘वैसे तो फराह अपने ब्लॉग्स में हमेशा खुद को धर्म निरपेक्ष दिखाने की कोशिश करती हैं। भगवान को प्रणाम करती हैं, यहां क्या हुआ? ‘एक ने लिखा- ‘मेरी दोस्त भी मुस्लिम है, लेकिन उसे टीका लगवाने से परहेज नहीं है।’ वहीं कुछ का कहना था कि ये पर्सनल चॉइस हो सकती है।
यूट्यूबर बनीं फराह खान
फराह खान ने साल 2004 में शाहरुख खान स्टारर ‘मैं हूं ना’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था और इसके बाद ‘ओम शांति ओम’, ‘तीस मार खान’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। लेकिन, अब वह यूट्यूबर भी बन चुकी हैं और अपना ज्यादातर समय यूट्यूब को ही दे रही हैं। हर हफ्ते वह किसी नए सेलिब्रिटी के घर पहुंचती हैं, उनके घर की झलक फैंस के साथ साझा करती हैं और साथ ही लजीज खाने का लुत्फ उठाती हैं और उसकी रेसिपी से जुड़ी जानकारी भी साझा करती हैं। पिछले दिनों फराह खान माधुरी दीक्षित के घर पहुंचीं और अभिनेत्री के 48 करोड़ के लग्जरी घर की झलक फैंस को दिखाई। इस दौरान फराह और माधुरी ने कुछ खास किस्से भी साझा किए।
