05 June, 2026 (Friday)

Exit Poll: तमिलनाडु में हो सकती है DMK की वापसी, विजय की TVK को ‘टुडेज चाणक्य’ ने दी बंपर सीटें

Tamil Nadu Exit Poll 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए किए गए ‘टुडेज चाणक्य’ के एग्जिट पोल में DMK गठबंधन की वापसी के संकेत दिए गए हैं। वहीं, एक्टर विजय की पार्टी TVK कई सर्वे में मजबूत प्रदर्शन करती दिखी है और मुख्य विपक्षी पार्टी बन सकती है।
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनावों को लेकर ‘टुडेज चाणक्य’ ने गुरुवार को एक एग्जिट पोल जारी किया है। ‘टुडेज चाणक्य’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन की तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में वापसी के मजबूत संकेत मिल रहे हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक, DMK गठबंधन को 234 सदस्यीय विधानसभा में 125 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं इस सर्वे में एक बड़ी बात यह भी कही गई है कि एक्टर विजय की पार्टी TVK को 63 सीटें मिल सकती हैं और वह राज्य में मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभर सकती है। दूसरी ओर, AIADMK के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन 45 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है।
अन्य एग्जिट पोल्स में भी अलग-अलग तस्वीर
तमिलनाडु चुनाव को लेकर कई एजेंसियों के एग्जिट पोल भी सामने आए हैं, जिनमें अलग-अलग अनुमान देखने को मिले हैं। MATRIZE के अनुसार DMK+ को 122-132 सीटें, AIADMK+ को 87-110 सीटें, TVK को 10-12 सीटें और अन्य को 0-6 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, ‘एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल में बड़ा उलटफेर दिखाया गया है, जिसमें TVK को 98-120 सीटें देकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में दिखाया गया है। इस सर्वे में DMK+ को 92-110 सीटें और AIADMK+ को 22-32 सीटें मिलने का अनुमान है।

P-MARQ के मुताबिक DMK+ को 125-145 सीटें, AIADMK+ को 65-85 सीटें, TVK को 16-26 सीटें और अन्य को 1-6 सीटें मिल सकती हैं। ‘पीपुल्स पल्स’ के सर्वे में भी DMK+ को 125-145 सीटें, AIADMK+ को 65-80 सीटें, TVK को 18-24 सीटें और अन्य को 2-6 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। ‘चाणक्य स्ट्रैटिटीज’ के एग्जिट पोल में DMK+ को 145-160 सीटों के साथ बड़ी जीत दिखाई गई है, जबकि AIADMK+ को 50-65 सीटें और TVK को 0 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

‘पोल ऑफ एग्जिट पोल्स’ क्या कहता है?
सभी एग्जिट पोल्स को मिलाकर तैयार किए गए औसत ‘Poll of Exit Polls’ में कहा गया है कि DMK गठबंधन मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के नेतृत्व में फिर से सत्ता में वापसी कर सकता है। औसतन DMK+ को 130 सीटें मिलने का अनुमान है, जो बहुमत यानी कि 118 सीटों से काफी ज्यादा है। इस औसत के अनुसार AIADMK+ को लगभग 66 सीटें और TVK को 32 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि अन्य दलों को करीब 6 सीटें मिल सकती हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *